एक समय था जब घरों की रसोई में सिरका, नींबू के छिलके और नीम की पत्तियां ही सफाई का काम कर देती थीं. तब घर चमकाने के लिए कई तरह के केमिकल वाले क्लीनर की जरूरत नहीं पड़ती थी, लेकिन समय के साथ इन पारंपरिक तरीकों की जगह बाजार में मिलने वाले तेज खुशबू और तुरंत असर दिखाने वाले क्लीनर ने ले ली. अब एक बार फिर लोग प्राकृतिक और घर पर बनने वाले ऑर्गेनिक क्लीनर की ओर लौट रहे हैं. अगर, आप भी अपने घर पर ऑर्गेनिक फ्लोर क्लीनर बनाना चाहते हैं तो नींबू, सिरका और यूकेलिप्टस आपके लिए बहुत काम आ सकता है. यह ऑर्गेनिक क्लीनर न केवल फर्श और सतहों की सफाई में मदद करता है, बल्कि घर को ताजगी भरी खुशबू भी देता है. चलिए आपको बताते हैं यह प्राकृतिक मिश्रण इतना प्रभावी क्यों माना जाता है और आप इसे घर पर आसानी से कैसे तैयार कर सकते हैं.
यह घरेलू क्लीनर किन कामों में इस्तेमाल किया जाता है?
नींबू, सिरका और यूकेलिप्टस से बना यह मिश्रण सबसे ज्यादा नेचुरल फ्लोर क्लीनर के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. यह खासतौर पर टाइल्स, सिरेमिक और पोर्सिलेन फर्श की सफाई के लिए अच्छा माना जाता है. नींबू और सिरके में मौजूद प्राकृतिक अम्ल यानी एसिड मिलकर जिद्दी दाग-धब्बों को हटाने, चिकनाई को साफ करने और जमा हुई गंदगी को ढीला करने में मदद करते हैं. वहीं, यूकेलिप्टस घर में ताजगी भरी खुशबू फैलाने का काम करता है, जिससे कमरा लंबे समय तक फ्रेश महसूस होता है.
ऑर्गेनिक फ्लोर क्लीनर के फायदे
नींबू में साइट्रिक एसिड होता है, जो प्राकृतिक रूप से बैक्टीरिया को कम करने और दाग हटाने में मदद कर सकता है. यूकेलिप्टस की ताजा और सुकून देने वाली खुशबू घर की बदबू दूर करने में मदद करती है और वातावरण को फ्रेश बनाती है. इसके अलावा सिरका में मौजूद एसिटिक एसिड चिकनाई और गंदगी को साफ करने के लिए एक प्राकृतिक डिग्रीजर की तरह काम करता है.
घर पर कैसे बनाएं यह ऑर्गेनिक क्लीनर?
इस नेचुरल क्लीनर को बनाना बेहद आसान है. इसके लिए 2 नींबू के छिलके, एक मुट्ठी यूकेलिप्टस की पत्तियां, सफेद सिरका और पानी लें. सिरका और पानी को 1:3 के अनुपात में मिलाएं और सभी चीजों को एक बर्तन में डालकर हल्की आंच पर गर्म करें. गर्म करने से नींबू के छिलकों और यूकेलिप्टस की पत्तियों में मौजूद प्राकृतिक तेल बाहर निकल आते हैं. यही तेल इस मिश्रण को सफाई और ताजगी देने में मदद करते हैं. कुछ मिनट बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद इस तरल को पोछा लगाने वाली बाल्टी में मिलाकर फर्श साफ करें. अंत में फर्श को सूखे और साफ कपड़े से पोंछ लें, जिससे कोई दाग या निशान न रहे और फर्श चमकदार दिखे.
कीड़ों को दूर रखने में मददगार
सफाई के अलावा यह मिश्रण घर के कीड़ों को दूर रखने में भी मददगार माना जाता है. नींबू और यूकेलिप्टस की तेज प्राकृतिक खुशबू मच्छरों, चींटियों और कुछ अन्य छोटे कीड़ों को पसंद नहीं आती. इस वजह से यह मिश्रण घर को साफ रखने के साथ-साथ कीड़ों की समस्या को कुछ हद तक कम करने में भी सहायक हो सकता है. अगर आप घर के अंदर ज्यादा केमिकल वाले कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो यह एक अच्छा और प्राकृतिक ऑप्शन हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- टाइल की लाइनों की गंदगी और दाग नेचुरली कैसे साफ करें, ये है 5 आसान तरीके, एकदम चमक उठेगी टाइल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं