चेहरे की चमक और नमी बनाए रखने के लिए लोग तरह-तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं. वहीं, कुछ लोग इसके लिए कई घरेलू नुस्खे भी आजमाते हैं. इन्हीं नुस्खों में से एक है दूध. आपने अपनी दादी-नानी को भी चेहरे पर दूध लगाने की सलाह देते हुए सुना होगा. लेकिन क्या आप जानते हैं कि चेहरे पर दूध लगाने से क्या होता है? इसे लेकर मशहूर सेलिब्रिटी डर्मेटोलॉजिस्ट रश्मि शैट्टी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने स्किन के लिए दूध के फायदे बताए हैं, आइए जानते हैं इनके बारे में, साथ ही जानेंगे चेहरे पर दूध लगाने का सही तरीका क्या है-
चेहरे पर दूध लगाने से क्या होता है?
डर्मेटोलॉजिस्ट रश्मि शैट्टी बताती हैं, दूध में पानी, फैट और प्रोटीन होते हैं, जो त्वचा को नमी देने और उसे मुलायम बनाने में मदद कर सकते हैं. त्वचा को नमी देने के लिए सिर्फ पानी काफी नहीं होता है, नमी को बनाए रखने के लिए त्वचा को फैट और दूसरे पोषक तत्वों की भी जरूरत होती है. दूध में पानी के साथ फैट और प्रोटीन भी मौजूद होते हैं. ये चीजें त्वचा को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकती हैं.
स्किन एक्सपर्ट आगे बताती हैं, दूध में लैक्टिक एसिड भी पाया जाता है. ये एक तरह का अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड (AHA) है, जो त्वचा की ऊपरी सतह पर मौजूद डेड स्किन सेल्स को हटाने में मदद कर सकता है. इससे आपकी स्किन थोड़ी ब्राइट, स्मूद और साफ नजर आ सकती है.
चेहरे पर दूध कैसे लगाएं?रश्मि शैट्टी के अनुसार, आप साफ स्किन पर सीधे दूध को लगा सकते हैं. इसे टोनर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा दूध को फेस मास्क बनाने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
इन बातों का रखें ध्यानस्किन एक्सपर्ट कहती हैं, दूध आपकी स्किन के लिए अच्छा है, लेकिन हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है. अगर आपकी स्किन बहुत सेंसिटिव है, आपको एलर्जी की समस्या रहती है या चेहरे पर पहले से जलन और एक्ने हैं, तो दूध लगाने से पहले पैच टेस्ट करना बेहतर है. पहले चेहरे पर थोड़ी मात्रा में दूध लगाकर देखें. अगर ऐसा करने से स्किन पर जलन, खुजली या फिर रेडनेस हो, तो दूध का इस्तेमाल न करें.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- नाक और होंठों के आसपास से काली पड़ रही है त्वचा? एक्सपर्ट ने बताया क्या करने से साफ होगी स्किन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं