Drain Cleaning Tips: घर में सब कुछ परफेक्ट चल रहा हो और अचानक किचन या बाथरूम की नाली जाम हो जाए...इससे बड़ा मूड खराब करने वाला काम कोई दूसरा नहीं है. बर्तन धोते वक्त सिंक में गंदा पानी भर जाना या बाथरूम जाम हो जाना, पूरे घर में अजीब सी बदबू फैलना और फिर एक छोटे से काम के लिए घंटों तक प्लंबर का रास्ता देखना.. ये किसी का भी दिन बिगाड़ने के लिए काफी है. कई बार लोग इंटरनेट पर देखकर उल्टे-सीधे नुस्खे अपना लेते हैं, जिससे नाली खुलने की बजाय मुसीबत और बढ़ जाती है. तो चलिए आज आपकी इस रोज-रोज की टेंशन को हमेशा के लिए खत्म करते हैं. बिना किसी प्लंबर के चक्कर काटे और पैसे लगाए आइए जानते हैं कुछ ऐसे अचूक तरीके, जिनसे आपकी जाम नाली पूरी तरह साफ हो जाएगी.
क्या कोलगेट से नाली खुल जाती है?
इंटरनेट पर आपने कई ऐसे वीडियो देखे होंगे, जिनमें टूथपेस्ट या कोलगेट डालकर नाली साफ करने का दावा किया जाता है। सच तो ये है कि कोलगेट से सिंक की बदबू दूर हो सकती है और वो चमक सकता है, लेकिन अगर नाली में बाल, साबुन या कचरा फंसा है, तो सिर्फ टूथपेस्ट उसे नहीं खोल सकता है. इसके लिए आपको थोड़े ज्यादा असरदार तरीके अपनाने होंगे.
नाली से पानी कैसे निकालें?
सफाई शुरू करने से पहले सबसे जरूरी काम रुका हुआ गंदा पानी बाहर निकालना होता है. एक छोटा प्लास्टिक का डिब्बा या मग लें और धीरे-धीरे पानी को बाल्टी में निकाल लें. अगर थोड़ा ही पानी बचा है, तो आप स्पंज या किसी पुराने कपड़े की मदद से उसे सोखकर सिंक सुखा सकते हैं. जब जगह सूखी होगी, तभी घरेलू नुस्खे अपना जादू दिखा पाएंगे.

किचन की सिंक को कैसे चमकाएं?
नाली जाम हो गई है, कैसे साफ करें?
नाली साफ करने के लिए सबसे पहले देखें कि जाम होने की वजह क्या है. अगर बाल या प्लास्टिक जैसी चीज फंसी है, तो उसे हुक या ड्रेन क्लीनर टूल से निकाल लें. इसके बाद गर्म पानी डालें. अगर जरूरत हो तो बेकिंग सोडा और सिरका डालकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर गर्म पानी डाल दें. कई मामलों में इससे नाली साफ हो जाती है.
बंद नाली को खोलने के लिए कौन से घरेलू उपाय हैं?
1. बेकिंग सोडा और सिरका
आधा कप बेकिंग सोडा नाली में डालें और तुरंत ऊपर से आधा कप सफेद सिरका (Vinegar) डाल दें. इसमें तेज झाग उठेगा. इसे 15 से 20 मिनट ऐसे ही छोड़ दें और फिर एकदम खौलता हुआ गर्म पानी डाल दें.
2. नमक और गर्म पानी
अगर सिंक में चिकनाई जमी है, तो आधा कप नमक नाली में डालें और ऊपर से उबलता पानी डाल दें. इससे चिकनाई तुरंत कट जाएगी.
नाली को खोलने वाला पाउडर कौन सा है?
अगर घरेलू उपाय से बात न बने, तो बाजार में मिलने वाले ड्रेन क्लीनर पाउडर (Drain Cleaner Powder) का इस्तेमाल कर सकते हैं. ड्रेनेक्स (Drainex) या कीवी ड्रेनेक्स (Kiwi Dranex) जैसे पाउडर किसी भी पास की दुकान पर आसानी से मिल जाते हैं. इस पाउडर को नाली में डालकर, थोड़ा पानी डालें और कुछ घंटों या रातभर के लिए छोड़ दें. सुबह तक नाली पूरी तरह खुल जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं