विज्ञापन

Mini Mathur ने बोटॉक्स को बताया 'जिंदगी का सबसे खराब फैसला', जानें क्या होता है Botox, इससे चेहरे पर क्या असर होता है

आजकल चेहरे की झुर्रियां कम करने के लिए कई तरह के ब्यूटी ट्रीटमेंट किए जाते हैं. इनमें Botox का नाम सबसे ज्यादा सुनने को मिलता है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

Mini Mathur ने बोटॉक्स को बताया 'जिंदगी का सबसे खराब फैसला', जानें क्या होता है Botox, इससे चेहरे पर क्या असर होता है
Botox क्या होता है?
(Photo Credit: Instagram)

फिल्म और टीवी की दुनिया में सेलिब्रिटीज अपने लुक को बेहतर बनाए रखने के लिए कई तरह के कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट लेते हैं. इन्हीं में से एक है बोटॉक्स. हालांकि, 'द अलायंस' की विनर, एक्ट्रेस, टीवी होस्ट और मॉडल मिनी माथुर ने बोटॉक्स को अपनी लाइफ का सबसे खराब फैसला बताया है. दरअसल, हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान मिनी माथुर ने बोटॉक्स को लेकर अपना एक्सपीरियंस शेयर किया है. 

एक्ट्रेस ने बताया कि करीब 15 साल पहले उन्हें एक शो की शूटिंग करनी थी. शूटिंग जंगल में होनी थी और ज्यादातर काम तेज धूप में ही होता है. अब, धूप की वजह से बार-बार उनके माथे पर शिकन आ जाती थीं और माथे पर एक गहरी लाइन दिखाई देने लगी थी. तब शूटिंग टीम ने उन्हें बोटॉक्स कराने की सलाह दी. मिनी ने टीम के कहने पर डॉक्टर से सलाह ली और बोटॉक्स करवाया. लेकिन उनका ये एक्सपीरियंस अच्छा नहीं रहा. 

मिनी के मुताबिक, बोटॉक्स के बाद उनका चेहरा इतना कम हिल रहा था कि वह अपनी भावनाएं ठीक से जाहिर नहीं कर पा रही थीं. उनके चेहरे की हरकत बहुत कम हो गई थी. वह दुखी थीं, लेकिन चेहरे पर वो दुख दिखाई नहीं देता था. कैमरे के सामने भाव दिखाना उनके लिए मुश्किल हो गया था.

मिनी ने कहा कि उन्हें पहले यह नहीं बताया गया था कि बोटॉक्स के बाद वह अपने चेहरे को ठीक से हिला नहीं पाएंगी. इसका असर करीब तीन महीने तक रहा. इसी वजह से वह इसे अपनी जिंदगी का सबसे खराब फैसला मानती हैं.

आखिर Botox क्या होता है?

इसे लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट अंकुर सरीन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में स्किन के डॉक्टर बताते हैं, बोटॉक्स का मतलब है 'बोटुलिनम टॉक्सिन'. ये एक केमिकल होता है, जो नसों और मांसपेशियों के बीच जाने वाले संकेतों को कुछ समय के लिए कम कर देता है. आसान भाषा में समझें तो यह चेहरे की कुछ मांसपेशियों की हलचल को कुछ समय के लिए कम कर देता है.

हम जब हंसते हैं, बोलते हैं, गुस्सा करते हैं या आंखें सिकोड़ते हैं तो चेहरे की मांसपेशियां बार-बार सिकुड़ती हैं. इसी वजह से समय के साथ माथे और आंखों के आसपास लाइन और झुर्रियां दिखाई देने लगती हैं. Botox इन मांसपेशियों को रिलैक्स करने में मदद करता है. इससे झुर्रियां कम नजर आ सकती हैं.

चेहरे की किन जगहों पर होता है बोटॉक्स?

Botox पूरे चेहरे पर नहीं किया जाता. डॉक्टर जरूरत के हिसाब से कुछ खास जगहों पर इसे लगाते हैं. जैसे- 

माथे की झुर्रियों के लिए Botox का इस्तेमाल काफी आम है. इसके अलावा आंखों के किनारे बनने वाली छोटी-छोटी झुर्रियों पर भी इसे लगाया जाता है. इन लाइनों को आम भाषा में क्रोज फीट कहा जाता है. नाक के ऊपर बनने वाली कुछ लाइनों और ठुड्डी की ज्यादा सिकुड़ने वाली मांसपेशियों पर भी बोटॉक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है.

डॉक्टर सरीन के अनुसार, उम्र बढ़ने के साथ जबड़े की मांसपेशी कुछ लोगों में ज्यादा बड़ी हो जाती है. ऐसे मामलों में बोटॉक्स उस मांसपेशी को रिलैक्स करने में मदद कर सकता है. इससे चेहरे का निचला हिस्सा थोड़ा पतला और शेप में दिखाई दे सकता है.

बोटॉक्स का असर कितने समय तक रहता है?

बोटॉक्स का असर हमेशा के लिए नहीं रहता. डॉक्टर सरीन के अनुसार, आमतौर पर इसका असर 3 से 6 महीने तक रह सकता है. यह समय हर व्यक्ति में अलग हो सकता है. इसके बाद मांसपेशियों की हलचल धीरे-धीरे वापस नॉर्मल होने लगती है और झुर्रियां फिर दिखाई दे सकती हैं.

क्या बोटॉक्स से चेहरा फूल जाता है?

इस सवाल को लेकर स्किन के डॉक्टर कहते हैं, बोटॉक्स को लेकर एक आम गलतफहमी है कि इससे चेहरा फूला-फूला दिखने लगता है, जबकि ऐसा नहीं है. बोटॉक्स चेहरे में वॉल्यूम नहीं बढ़ाता. यह सिर्फ मांसपेशियों की हलचल कम करता है. चेहरे को भरा हुआ या ज्यादा वॉल्यूम देने के लिए आमतौर पर फिलर का इस्तेमाल किया जाता है. 

डॉक्टर सरीन आगे बताते हैं, बोटॉक्स डॉक्टर की देखरेख में किया जाने वाला ट्रीटमेंट है और इसे सही जगह पर सही मात्रा में लगाना बहुत जरूरी है. अगर बोटॉक्स गलत मांसपेशी में चला जाए, तो इसके साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं. ऐसे में इस तरह के ट्रीटमेंट को हमेशा एक्सपर्ट की सलाह के बाद सही तरीके से ही कराएं. 

यह भी पढ़ें- चेहरे पर पपीते का फेस पैक लगाने से क्या होता है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Beauty, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com