विज्ञापन

चेहरे और बालों पर बादाम का तेल लगाने से क्या होता है? डाइटिशियन से जानिए इसके फायदे और लगाने का सही तरीका

मशहूर डाइटिशियन सोनिया नारंग ने स्किन और बालों के लिए बादाम के तेल के फायदे बताए हैं. आइए जानते हैं-

चेहरे और बालों पर बादाम का तेल लगाने से क्या होता है? डाइटिशियन से जानिए इसके फायदे और लगाने का सही तरीका
स्किन और बालों के लिए बादाम के तेल के फायदे
(P.C- NDTV)

बादाम का तेल सालों से स्किन और बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. हाल ही में मशहूर डाइटिशियन सोनिया नारंग ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डाइटिशियन ने भी स्किन और बालों के लिए बादाम के तेल के फायदे बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में, साथ ही जानेंगे चेहरे और बालों पर बादाम का तेल लगाने का सही तरीका क्या है, किस तरह आपको सबसे ज्यादा फायदे मिलेंगे और इस दौरान किन बातों को ध्यान में रखना जरूरी है. 

चेहरे पर बादाम का तेल लगाने के फायदे

डाइटिशियन बताती हैं, अगर आपकी त्वचा बहुत ड्राई रहती है, तो बादाम का तेल अच्छा मॉइस्चराइजर साबित हो सकता है. यह त्वचा को लंबे समय तक नमी देता है और स्किन को मुलायम बनाए रखता है. इसे नियमित लगाने से चेहरे की चमक बढ़ सकती है और स्किन पहले से ज्यादा साफ और फ्रेश दिखने लगती है. बादाम का तेल आंखों के नीचे की सूजन और डार्क सर्कल्स को कम करने में भी मदद कर सकता है. वहीं, अगर आपके होंठ बार-बार फटते हैं या बहुत रूखे रहते हैं, तो रात में थोड़ा-सा बादाम का तेल लगाने से होंठ मुलायम बने रह सकते हैं.

बालों के लिए भी फायदेमंद

सोनिया नारंग के मुताबिक, बादाम के तेल में विटामिन ई की सबसे ज्यादा मात्रा होती है. इससे बालों में चमक आती है, बाल मुलायम रहते हैं और टूटने की समस्या भी कम हो सकती है. 

बादाम का तेल कैसे लगाएं?

हालांकि, इन तमाम फायदों के लिए तेल को सही तरीके से लगाना बेहद जरूरी है. इसे लेकर डाइटिशियन बताती हैं- सबसे पहले चेहरा अच्छे से धो लें और हल्का सुखा लें. इसके बाद 2-3 बूंद बादाम का तेल लेकर उंगलियों से पूरे चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें. इस तरह आप इसे मॉइस्चराइजर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. 

इसके अलावा बादाम के तेल को क्लेंजर की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी अगर मेकअप हटाना हो, तो थोड़ा-सा तेल चेहरे पर लगाकर हल्के हाथ से साफ करें. इसके बाद फेसवॉश से चेहरा धो लें. 

बालों में कैसे लगाएं तेल?

सोनिया नारंग हमेशा साफ स्कैल्प पर तेल लगाने की सलाह देती हैं. तेल लगाने के बाद थोड़ी देर हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है. तेल को केवल 15 से 20 मिनट बालों में छोड़ें और फिर शैंपू से अच्छी तरह हेयर वॉश कर लें.

इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
  • अगर आपको बादाम या किसी भी तरह के नट्स से एलर्जी है, तो बादाम का तेल बिल्कुल न लगाएं. 
  • पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
  • हाथ के किसी हिस्से पर तेल लगाकर 24 घंटे के लिए छोड़ दें. अगर इस दौरान स्किन पर रेडनेस, खुजली, जलन या सूजन न हो, तभी इसे चेहरे पर लगाएं.
  • अगर आपको एक्जिमा या स्किन से जुड़ी कोई और परेशानी है, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.

यह भी पढ़ें- टीनएजर को स्किन केयर करना चाहिए या नहीं? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया इस उम्र में क्या है सबसे बेस्ट रूटीन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Skincare, Haircare, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com