युवावस्था यानी टीनएज में बॉडी के साथ-साथ स्किन में भी कई बदलाव आते हैं. किसी की स्किन ऑयली हो जाती है, किसी को पिंपल्स होने लगते हैं, तो कुछ बच्चों की स्किन बहुत सेंसिटिव हो जाती है. अब, इस उम्र में सोशल मीडिया और ब्यूटी ट्रेंड्स को देखकर कई बच्चे तरह-तरह के स्किनकेयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने लगते हैं. लेकिन क्या सच में टीनएजर को इतने सारे प्रोडक्ट्स की जरूरत होती है? इसे लेकर फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट गुरवीन वड़ैच गरेकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं वीडियो में स्किन की डॉक्टर क्या कहती हैं-
टीनएजर को स्किन केयर करना चाहिए या नहीं?
डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, ज्यादातर बच्चों के लिए इसका जवाब 'नहीं' है. इस उम्र में महंगे और ज्यादा एक्टिव प्रोडक्ट्स की बजाय एक सिंपल और बेसिक स्किनकेयर रूटीन ही सबसे अच्छा होता है.
डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, टीनएज में शरीर में हार्मोन तेजी से बदलते हैं. इसी वजह से स्किन पर भी असर दिखने लगता है. कई बार चेहरा ज्यादा ऑयली हो जाता है, पिंपल्स निकलने लगते हैं या स्किन रूखी और सेंसिटिव महसूस होने लगती है. यह एक सामान्य बात है. इसलिए इस समय स्किन पर बहुत ज्यादा एक्सपेरिमेंट करने की जरूरत नहीं होती है.
सिर्फ तीन चीजें हैं काफीडॉक्टर का कहना है कि इस उम्र में स्किन के लिए सिर्फ तीन चीजें काफी होती हैं-
- सबसे पहले, सुबह और रात चेहरे को एक अच्छे और हल्के फेस वॉश से साफ करें. इससे धूल, पसीना और गंदगी निकल जाती है.
- इसके बाद मॉइश्चराइजर लगाएं. कई लोगों को लगता है कि ऑयली स्किन पर मॉइश्चराइजर की जरूरत नहीं होती, लेकिन ऐसा नहीं है. हर तरह की स्किन को नमी की जरूरत होती है.
- तीसरी और सबसे जरूरी चीज है सनस्क्रीन. डॉक्टर का कहना है कि कम उम्र से ही सनस्क्रीन लगाने की आदत डालनी चाहिए. यह धूप की हानिकारक किरणों से स्किन की रक्षा करती है और आगे चलकर स्किन को होने वाले नुकसान का खतरा कम करती है.
आजकल विटामिन C सीरम, रेटिनॉल, पिगमेंट करेक्टर और दूसरे एक्टिव स्किन केयर प्रोडक्ट्स का काफी ट्रेंड है. लेकिन डॉक्टर के अनुसार, ज्यादातर टीनएजर को इनकी जरूरत नहीं होती है. इस उम्र में शरीर पहले ही हार्मोनल बदलावों से गुजर रहा होता है. ऐसे में ज्यादा एक्टिव प्रोडक्ट्स लगाने से स्किन पर उल्टा असर भी हो सकता है. इसलिए जितना सिंपल स्किन केयर रूटीन होगा, उतना ही बेहतर रहेगा.
इस बात का भी रखें ध्यानडर्मेटोलॉजिस्ट आगे कहती हैं, अगर चेहरे पर बहुत ज्यादा पिंपल्स हैं, बार-बार स्किन पर रेडनेस, खुजली, एक्जिमा या कोई दूसरी परेशानी हो रही है, तो खुद से कोई क्रीम या दवा लगाने की बजाय स्किन डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. डॉक्टर जो इलाज और दवाएं बताए, वही इस्तेमाल करें.
इससे अलग अच्छी स्किन के लिए दिन में दो बार फेस वॉश करें, मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन लगाएं. अपने बालों और स्कैल्प को भी साफ रखें, इसका भी आपके चेहरे पर सीधा असर पड़ता है. साथ ही खूब पानी पिएं और हेल्दी खाना खाएं.
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं