Who Is Sambhal DM Ankit Khandelwal : संभल के एसपी के के बिश्नोई की विदाई का एक भावुक वीडियो इन दिनों चर्चा में है. अपने कार्यकाल को याद करते हुए केके बिश्नोई भावुक हो गए तो उनके पास बैठे संभल के डीएम अंकित खंडेलवाल ने उन्हें संभालने की कोशिश की. इस दौरान अंकित खंडेलवाल की आंखें भी नम नजर आईं. वीडियो सामने आने के बाद लोग अब संभल के डीएम अंकित खंडेलवाल के बारे में जानना चाह रहे हैं. UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 41 हासिल करने वाले अंकित खंडेलवाल आज उत्तर प्रदेश के संभल जिले की कमान संभाल रहे हैं.
UPSC में AIR 41 हासिल कर बने IAS
अंकित खंडेलवाल उत्तर प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी हैं. उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 41 हासिल की थी. इसके बाद उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए हुआ. वह 2017 बैच के IAS अधिकारी हैं और उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला. उनकी शैक्षणिक योग्यता B.E. यानि इंजीनियर की है. IAS बनने के बाद अंकित खंडेलवाल ने उत्तर प्रदेश में अलग-अलग प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं. वह मुरादाबाद में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट, मेरठ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और अलीगढ़ में मुख्य विकास अधिकारी यानी CDO भी रहे.
कूड़े के पहाड़ को हरा-भरा बनाने वाला अफसर
इसके बाद उन्हें आगरा नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया. आगरा में उनके कार्यकाल के दौरान स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन से जुड़े काम चर्चा में रहे. उनके कार्यकाल में कुबेरपुर डंपिंग ग्राउंड में जमा कचरे के निस्तारण और जमीन को खाली कराने की दिशा में काम हुआ. आगरा की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार का क्रेडिट भी उन्हें दिया जाता है.
अब संभल के DM की जिम्मेदारी
आगरा के बाद अंकित खंडेलवाल को संभल का जिलाधिकारी बनाया गया. वह फिलहाल जिले के प्रशासनिक मुखिया के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. अलग-अलग पदों पर काम करने के बाद संभल की जिम्मेदारी तक पहुंचने का उनका प्रशासनिक सफर अब चर्चा में है. हाल में संभल के एसपी रहे कृष्ण कुमार उर्फ के के बिश्नोई की विदाई के दौरान अंकित खंडेलवाल भी भावुक नजर आए. समारोह में केके बिश्नोई अपने संभल कार्यकाल को याद करते हुए भावुक हो गए थे. उनके पास बैठे डीएम अंकित खंडेलवाल ने उन्हें पानी दिया और संभालने की कोशिश की. इसी दौरान उनकी आंखें भी नम नजर आईं. दोनों अधिकारियों के इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में है.
ये भी पढ़ें - बाकी राज्य भी लेते हैं 2 स्टेज में एग्जाम, नेगेटिव मार्किंग सबके लिए... प्रदर्शन के बीच BPSC एग्जाम कंट्रोलर के जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं