उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है. कुल 32,679 पदों पर ये भर्ती निकाली गई थी, जिसका प्रोसेस पिछले कुछ महीनों से चल रहा था. यूपी पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की तरफ से कैटेगरी वाइज कट-ऑफ भी जारी की गई है. यानी अब उन अभ्यर्थियों की लिस्ट जारी कर दी गई है, जिन्हें यूपी पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी मिलेगी. हालांकि आखिरी पड़ाव पार करने के बाद भी एक छोटी सी लापरवाही अभ्यर्थियों की पूरी मेहनत पर पानी फेर सकती है. इसीलिए ज्वाइनिंग से पहले कुछ चीजों का ख्याल रखना बेहद जरूरी है.
ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती में चुने गए अभ्यर्थियों को अभी मेडिकल राउंड से गुजरना होगा, इसमें किसी भी तरह की कमी होने पर अभ्यर्थियों को बाहर किया जा सकता है. ज्वाइनिंग से पहले किसी भी तरह की चोट से बचें और अनफिट होने की वजह से दूर रहें. इसमें उम्मीदवार की शारीरिक फिटनेस के अलावा मानसिक फिटनेस को भी चेक किया जाता है. इसके अलावा नजर, सुनने की क्षमता और गंभीर बीमारियों को भी देखा जाता है. मेडिकल देने से पहले अपने कान स्पेशलिस्ट डॉक्टर से जरूर चेक करवा लें.
सोशल मीडिया पर भी रखी जाती है नजर
यूपी पुलिस में नौकरी से पहले सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा सकती है. उम्मीदवार ने अगर कोई भड़काऊ कंटेंट सोशल मीडिया पर डाला है या फिर किसी भी तरह का अश्लील कंटेंट पोस्ट करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है और नियुक्ति को रद्द किया जा सकता है.
दस्तावेजों में किसी भी तरह की गड़बड़ी
फाइनल रिजल्ट के बाद उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रोसेस शुरू होगा. इस दौरान 10वीं या फिर 12वीं की मार्कशीट में अगर कोई गड़बड़ी पाई गई या फिर नंबर मैच नहीं हुए तो सीधे बाहर किया जा सकता है. अगर नाम की स्पेलिंग में किसी तरह की गलती है तो इसके लिए एक एफिडेविट तैयार रखें. ध्यान रहे कि इस दौरान आपके पास वो सभी ओरिजनल डॉक्यूमेंट्स होने चाहिए, जिन्हें आवेदन करते हुए अपलोड किया गया था.
आरक्षण का लाभ लेने के लिए अगर कोई फर्जी सर्टिफिकेट लगाया है तो भी नौकरी नहीं मिलेगी. इसीलिए वेरिफिकेशन के दौरान ये सर्टिफिकेट भी अपने साथ रखें. सर्टिफिकेट एक साल से पुराना नहीं होना चाहिए. इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें और तय समय और तारीख पर रिपोर्ट करें. ऐसा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को बाहर किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें | रेलवे में निकली बड़ी भर्ती, RRB NTPC UG का नोटिफिकेशन जारी; 1688 पद
यह भी पढ़ें | वैशाली की DM को देखते ही लिपटकर रोने लगी महिला, कौन हैं IAS वर्षा सिंह?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं