उत्तर प्रदेश में सुपर TET, स्पेशल टीईटी और टीईटी को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा है. जो लाखों उम्मीदवार इन परीक्षाओं में शामिल हुए हैं, उन्हें तो अच्छी तरह से पता है कि ये क्या हैं, लेकिन ज्यादातर लोग इतने तरह के टीईटी को लेकर कंफ्यूज रहते हैं. उन्हें ये पता नहीं होता है कि आखिर टीईटी के अलावा सुपर टीईटी और स्पेशल टीईटी जैसी परीक्षाएं क्यों और किसके लिए आयोजित होती हैं. आज हम आपका ये पूरा कंफ्यूजन दूर कर देते हैं और आपको तीनों टीईटी में अंतर बताते हैं.
क्या है STET?
सबसे पहले ये जान लीजिए कि टीईटी क्या होता है. इसका फुलफॉर्म टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट होता है. यानी सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए ये एक पात्रता परीक्षा है. हर राज्य में टीईटी होता है, जिसे STET यानी स्टेट टीईटी कहा जाता है. इसके अलावा ऑल इंडिया स्तर पर CTET परीक्षा होती है. यूपी में भी टीईटी परीक्षा कराई जाती है, जिसके लिए हाल ही में नोटिफिकेशन जारी हुआ है. इसमें पास होने वाले अभ्यर्थी प्राइमरी और जूनियर लेवल पर आई भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं.
स्पेशल TET क्या है?
यूपी में हजारों शिक्षक ऐसे हैं, जो टीईटी परीक्षा पास नहीं कर पाए. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक इन्हें हर हाल में अगस्त 2028 तक टीईटी पास करना होगा, ऐसा नहीं करने पर उनकी नौकरी जा सकती है. ऐसे में यूपी सरकार की तरफ से इन तमाम शिक्षकों के लिए अलग से टीईटी करने का फैसला लिया गया, जिसे स्पेशल टीईटी कहा जाता है. हाल ही में यूपी स्पेशल टीईटी का रिजल्ट आया है, जिसमें ज्यादातर शिक्षक फेल हो गए हैं.
सुपर TET क्या है?
उत्तर प्रदेश में सहायक शिक्षकों के लिए जो भर्ती परीक्षा ली जाती है, उसे ही सुपर टीईटी कहा जाता है. टीईटी पास करने के बाद सरकारी नौकरी के लिए ये अगला स्टेप होता है, ऐसे में इसे सुपर टीईटी कहा जाता है. ये टीईटी की तरह कोई पात्रता परीक्षा नहीं होती है, इसमें पास होने पर उम्मीदवारों को प्राइमरी और जूनियर लेवल पर नौकरी मिलती है. सुपर टीईटी के तहत यूपी में असिस्टेंट टीचर के कुल 12,405 पदों पर भर्ती निकली है. आने वाली 3 और 4 दिसंबर को इसके लिए परीक्षा होगी.
यह भी पढ़ें | UPSC NDA 1 और NA 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन 2 दिसंबर से शुरू, सेना में अफसर बनने का मौका
यह भी पढ़ें | यूपी स्पेशल TET में भी फेल हो गए करीब 55 हजार सरकारी शिक्षक, नौकरी बचाने के लिए अब क्या विकल्प?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं