सरकारी नौकरी पाना लाखों युवाओं का सपना होता है और यूपी पुलिस में सिपाही बनना कई लोगों के लिए एक सामान्य बात हो सकती है, लेकिन एक गरीब किसान परिवार के लिए ये किसी बड़े चमत्कार और वर्षों के तप के पूरे होने जैसा है. कानपुर के महाराजपुर इलाके से एक ऐसी ही संघर्ष और सफलता की कहानी सामने आई है, जिसने ये साबित कर दिया है कि अगर हौसलों में उड़ान हो, तो गरीबी कभी रास्ते की रुकावट नहीं बन सकती. महाराजपुर के छतमरा गांव के रहने वाले एक छोटे से किसान श्री प्रकाश कुशवाहा के बेटे अभिषेक कुशवाहा ने यूपी पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा पास कर ली है और अब मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन बाकी है. बेटे के पुलिस में चयन की खबर सुनते ही किसान माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. उनके पास अपनी खुशी जाहिर करने के लिए शब्द नहीं थे, उनकी खामोशी और छलकते आंसू ही उनकी बरसों की तपस्या की कहानी बयां कर रहे थे.
साइकिल से 8 किलोमीटर का सफर और खेतों में काम
अभिषेक को ये सफलता रातों-रात नहीं मिली है. 2021 में इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा पास करने के बाद अभिषेक ने पुलिस में जाने का सपना देखा. इसके लिए उन्होंने अरविंद वैश्य के मार्गदर्शन में कम्पटीशन अड्डा कोचिंग जॉइन की. अभिषेक की दिनचर्या बेहद संघर्षपूर्ण थी. वो रोज 8 किलोमीटर दूर साइकिल चलाकर कोचिंग जाते थे. पढ़ाई के साथ-साथ वह खेतों में अपने माता-पिता के साथ हाथ भी बंटाते थे. दिन भर खेतों की मिट्टी में पसीना बहाने के बाद, जो समय बचता, उसे वे अपनी पढ़ाई में लगाते थे.

मां-बाप के संघर्ष को मिला इनाम
जब NDTV ने अभिषेक के पिता श्री प्रकाश कुशवाहा से बात की, तो वो फफक पड़े. उन्होंने भरे गले से बेटे के गुरु अरविंद वैश्य को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हीं के मार्गदर्शन से उनका बेटा आज इस मुकाम तक पहुंचा है. वहीं, अभिषेक की मां गुड्डन ने भावुक होते हुए बताया, हमने बहुत मेहनत और मुफलिसी में अपने बेटे को पढ़ाया है, आज हमारी मेहनत सफल हो गई.
गुरु को भी है शिष्य पर गर्व
अभिषेक के शिक्षक अरविंद वैश्य ने बताया कि यह नौकरी इस बच्चे ने अपनी जी-तोड़ मेहनत के दम पर हासिल की है. उन्होंने कहा कि अभिषेक के माता-पिता दिनभर खेतों में मजदूरी करते थे, लेकिन बेटे की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी. बच्चा भी इतना होनहार था कि वह खेती-किसानी में मदद करने के साथ-साथ नियमित रूप से पढ़ाई करता था. उसी का परिणाम है कि आज वह यूपी पुलिस की वर्दी पहनने जा रहा है.
आगे भी जारी रहेगी पढ़ाई
मंजिल मिलने के बाद भी अभिषेक के कदम रुकने वाले नहीं हैं. यूपी पुलिस की खाकी पहनने को तैयार अभिषेक का कहना है कि वह नौकरी के साथ-साथ अपनी आगे की पढ़ाई भी लगातार जारी रखेंगे. फिलहाल वो यूपी पुलिस में सिपाही बनने से महज कुछ ही कदम की दूरी पर हैं, अब मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में सब ठीक रहता है तो अभिषेक यूपी पुलिस की वर्दी में नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें | IAS-IPS को कैसे मिलता है होम कैडर? एक दूसरे से शादी करने के बाद ट्रांसफर का भी नियम
यह भी पढ़ें | यूपी पुलिस कांस्टेबल की मेरिट लिस्ट में आया है नाम? ज्वाइनिंग से पहले ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं