विज्ञापन

UP PCS मेन्स का रिजल्ट जारी, इंटरव्यू के लिए चुने गए इतने अभ्यर्थी; जानें आगे का प्रोसेस

UP PCS Mains Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तरफ से पीसीएस मेन्स का रिजल्ट जारी किया गया है, इसमें ये भी बताया गया है कि उम्मीदवारों को आगे क्या करना होगा. कुल 2297 उम्मीदवार इस परीक्षा में पास हुए हैं.

UP PCS मेन्स का रिजल्ट जारी, इंटरव्यू के लिए चुने गए इतने अभ्यर्थी; जानें आगे का प्रोसेस
UP PCS मेन्स का रिजल्ट जारी होने के बाद अब इंटरव्यू की बारी

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) मुख्य परीक्षा 2025 का रिजल्ट आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है. इस घोषणा के साथ ही मेन्स परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार खत्म हो गया है. आयोग की तरफ से जारी नतीजों के मुताबिक कुल 812 रिक्त पदों पर अंतिम चयन के लिए 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है. अब मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले इन उम्मीदवारों की नजरें चयन के अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर टिक गई हैं. 

मार्च में हुई थी परीक्षा

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की तरफ से पीसीएस मेन्स 2025 का आयोजन 29 मार्च 2026 से एक अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. इस मुख्य परीक्षा में कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे जो प्रारंभिक परीक्षा पास करके यहां तक पहुंचे थे. मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और अंकों के आधार पर आयोग ने अभ्यर्थियों की सूची तैयार की है. 

भर्ती प्रक्रिया की बारीकियों की बात करें तो इस प्रतियोगिता परीक्षा के तहत कुल 28 प्रकार के पदों के लिए 814 रिक्तियां उपलब्ध है. इनमें से एक विशेष प्रकार के पद की दो रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर किया जाना है, इसलिए इस पद का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ ही घोषित किया जाएगा. बाकी 27 प्रकार के पदों की 812 रिक्तियों के लिए जिन पर चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार दोनों के आधार पर होना है आयोग ने 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू राउंड के लिए पात्र पाया है.

रिजल्ट के साथ जुड़ी कानूनी शर्त 

यूपीपीसीएस के सचिव गिरजेश कुमार त्यागी की तरफ से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार ये परीक्षा परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका संख्या-4253 ऑफ 2026 (अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य) में पारित होने वाले अंतिम फैसले के अधीन रहेगा. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम भी उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दायर विशेष अपील संख्या-475 (डी)/2019 में हाईकोर्ट द्वारा दिए जाने वाले अंतिम फैसले के अधीन रखा गया है. 

आयोग ने मुख्य परीक्षा का परिणाम प्रयागराज स्थित कार्यालय के सूचना पट्ट पर चस्पा कर दिया है. साथ ही यह अभ्यर्थियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर भी उपलब्ध करा दिया गया है. जो अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे वो रोल नंबर के जरिए अपना परिणाम तुरंत चेक कर सकते हैं. सफल उम्मीदवारों के लिए विभिन्न पदों हेतु प्रेफरेंस भरने और इंटरव्यू की तारीखों के संबंध में विस्तृत नोटिफिकेशन अलग से जारी किया जाएगा.

इंटरव्यू के बाद जारी होगी मेरिट लिस्ट

इसके साथ ही आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के अंक और कट-ऑफ अंक की विस्तृत जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद ही दी जाएगी. इसलिए अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वो प्राप्तांकों या कट-ऑफ मार्क्स से संबंधित सूचना मांगने के लिए सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम-2005 के तहत फिलहाल आवेदन पत्र न भेजें. 

मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई सूची में जिन उम्मीदवारों के रोल नंबर शामिल है, अब उनके लिए उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारी बनने की राह और मजबूत हो गई है. हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त कर इंटरव्यू चरण तक पहुंचना ही अंतिम चयन की गारंटी नहीं है. कुल 812 रिक्त पदों के मुकाबले 2,297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है, जिसका सीधा मतलब है कि अंतिम चयन सूची में जगह बनाने के लिए अभ्यर्थियों के बीच अब कड़ी टक्कर होगी. 

ये भी पढ़ें - कौन हैं MP के दो IAS अफसर, जिनके खिलाफ जारी हुआ अरेस्ट वारंट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP PCS Result, UP PCS Mains Result
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com