विज्ञापन

ई-रिक्शा की समस्या से कैसे निपटेंगे? UP PCS इंटरव्यू में पूछे जा रहे ये सवाल

UPPSC PCS Interview 2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के मुख्यालय में यूपी पीसीएस मेन्स पास करने वाले तमाम अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए पहुंच रहे हैं. इस दौरान इंटरव्यू देकर निकले कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि उनसे क्या पूछा गया.

ई-रिक्शा की समस्या से कैसे निपटेंगे? UP PCS इंटरव्यू में पूछे जा रहे ये सवाल
यूपी पीसीएस इंटरव्यू देकर आए अभ्यर्थियों ने बताया कैसे पूछे जा रहे सवाल

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा यूपी PCS 2025 का अंतिम और सबसे जरूरी पड़ाव इंटरव्यू औपचारिक रूप से आज से शुरू हो चुका है. मुख्य परीक्षा की कठिन चुनौती को सफलतापूर्वक पार करने के बाद अब राज्य के भावी प्रशासनिक अधिकारियों के व्यक्तित्व, ज्ञान, संवाद शैली और उनकी त्वरित निर्णय क्षमता की परीक्षा ली जा रही है. प्रयागराज स्थित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के भव्य परिसर में बने 'सरस्वती भवन' में ये इंटरव्यू चल रहे हैं. सुबह इंटरव्यू देकर निकले कुछ अभ्यर्थियों से एनडीटीवी ने बातचीत की, जिन्होंने बताया कि उनसे किस तरह के सवाल पूछे गए और सबसे मुश्किल क्या था. 

कुल 2297 अभ्यर्थी देंगे इंटरव्यू

आयोग की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए कुल 2,297 अभ्यर्थी इस इंटरव्यू में शामिल होकर राज्य सेवा में अपने चयन का सपना पूरा करने के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इंटरव्यू प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए रोजाना अभ्यर्थियों को दो पालियों में आमंत्रित किया जा रहा है. पहली पाली का इंटरव्यू सुबह 9:30 बजे से और दूसरी पाली का इंटरव्यू दोपहर दो बजे से लिया जा रहा है. 

चार लोगों का पैनल ले रहा इंटरव्यू

आयोग परिसर में एंट्री से पहले अभ्यर्थियों के शैक्षणिक और अन्य सभी प्रासंगिक मूल दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जा रहा है. इसके लिए अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र, प्रमाणीकरण प्रपत्र, अधिमान्यता प्रपत्र और श्रेणी संबंधी प्रमाणपत्रों के स्वप्रमाणित सेट जमा कराए जा रहे हैं. इस बार इंटरव्यू बोर्ड में अभ्यर्थियों के साथ बेहद तनावमुक्त और सहयोगी माहौल में संवाद स्थापित किया जा रहा है. हर इंटरव्यू पैनल में चार विषय विशेषज्ञ शामिल हैं, जो अभ्यर्थी के शैक्षणिक बैकग्राउंड, समसामयिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और व्यावहारिक परिस्थितियों पर केंद्रित सवाल पूछ रहे हैं.

औसतन एक अभ्यर्थी का इंटरव्यू 15 से 25 मिनट तक चल रहा है. इंटरव्यू देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के अनुभवों से स्पष्ट है कि आयोग का मुख्य जोर केवल सैद्धांतिक ज्ञान जांचने पर नहीं बल्कि प्रशासनिक दृष्टिकोण और व्यावहारिक सोच पर है. इंटरव्यू में अभ्यर्थियों से अंतरराष्ट्रीय संबंधों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ग्रामीण क्षेत्रों में अनुप्रयोग और देश की कुल जीडीपी में उत्तर प्रदेश के योगदान जैसे गंभीर विषयों पर सवाल पूछे जा रहे हैं. 

अभ्यर्थियों ने बताया कैसा रहा इंटरव्यू

इंटरव्यू देकर बाहर निकले आकाश ने बताया कि, न्यूज पेपर और करेंट अफेयर्स से सवाल पूछे जा रहे हैं. मुझसे मेरे एजुकेशन बैकग्राउंड से सबसे ज्यादा सवाल पूछे गए. इंटरव्यू पैनल ने बाढ़ग्रस्थ स्थिति को लेकर सवाल किया गया, कैसे हम इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बना सकते हैं, ज्यूडिशियरी को कैसे मेंटेन किया जाए... ये सब सवाल पूछे गए. 

इंटरव्यू देकर आए नवनीत राय ने बताया कि, पहला सवाल RTI को लेकर पूछा गया. इसके बाद एआई के इस्तेमाल पर सवाल किया गया. तीसरा सवाल पूछा गया कि जो सड़कों पर ई-रिक्शा जो ट्रैफिक की समस्या पैदा करते हैं, उनसे आप कैसे निपटेंगे? इसके अलावा एक सदस्य ने पूछा कि स्कूलों में लड़कियों का एनरोलमेंट बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाएंगे?

देवरिया जिले से इंटरव्यू देने आए गौतम दुबे ने बताया कि मनोज सर के बोर्ड में उनका इंटरव्यू हुआ. इस दौरान उनके सब्जेक्ट से जुड़े सबसे ज्यादा सवाल पूछे गए. साथ ही यूपी की अर्थव्यवस्था, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, यूपी का भारत की जीडीपी में योगदान, ईरान-इजरायल युद्ध में भारत के रुख के बारे में सवाल किया गया. इस सवाल को सिचुएशन बेस्ड बनाकर पूछा गया. गौतम ने बताया कि पैनल उस सब्जेक्ट पर ही सबसे ज्यादा सवाल पूछ रहा है, जिसमें आपने ग्रेजुएशन और मास्टर्स किया है. 

भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारी

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने हाल ही में 17 सितंबर को पीसीएस मेंस परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी किया था. मेंस परीक्षा में शामिल हुए 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया. पीसीएस परीक्षा में कुल 28 तरह के 814 पदों पर भर्ती होनी है, जिनमें से दो पदों का चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा और बाकी 812 पदों के लिए ये इंटरव्यू प्रक्रिया आयोजित की जा रही है. 

ये भी पढ़ें - UPSC पास किए बिना LBSNAA में रहने का मिल सकता है मौका, रहना और खाना बिल्कुल फ्री, जानें एंट्री की पूरी प्रोसेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uppsc Pcs Interview, UPPSC PCS Interview 2025, UP PCS Interview Questions, UP PCS Interview Sawal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com