बॉम्बे हाईकोर्ट क्लर्क भर्ती के टाइपिंग टेस्ट को लेकर महाराष्ट्र में विवाद खड़ा हो गया है. कई छात्रों ने परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया. छात्रों का दावा है कि कंप्यूटर, माउस, कीबोर्ड और सिस्टम लॉगआउट जैसी दिक्कतों के कारण वे परीक्षा पूरी नहीं कर सके. इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने मामले को प्रशासनिक और तकनीकी विफलता बताते हुए दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है. फिलहाल ये मामला बड़ा होता नजर आ रहा है.
क्या हैं आरोप
अभ्यर्थियों का आरोप है कि जैसे ही वो लोग एग्जाम देने बैठे तो पता चला कि किसी का माउस नहीं काम कर रहा है, किसी का की-बोर्ड नहीं काम कर रहा है और 10 मिनट के अंदर ज्यादातर स्टूडेंट्स लॉग आउट हो गए. इसके बाद इन सभी को फेल कर दिया गया. हालांकि छात्रों का कहना है कि ये हमारा फेलियर नहीं है, ये सिस्टम की गलती है. अभ्यर्थियों ने कहा कि जब इसकी कंप्लेंट की गई तो अथॉरिटीज ने कहा कि इन बच्चों में अक्ल नहीं है एग्जाम कैसे दिया जाता है.
दोबारा परीक्षा कराने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि अच्छे कंप्यूटर पहले से नहीं लगाए गए थे और की-बोर्ड भी फंक्शनिंग नहीं थे. उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरी सरकार की गलती है और दोबारा एग्जाम कराया जाना चाहिए. इस पूरे मामले पर अभिजीत दीपके ने कहा कि महाराष्ट्र में हाई कोर्ट की ऑनलाइन परीक्षा में भारी अव्यवस्था फैल गई है. सर्वर की दिक्कतों के कारण कई छात्रों को फेल घोषित कर दिया गया है. राज्य के ज्यादातर सेंटर्स पर तो कंप्यूटर भी काम नहीं कर रहे थे. मैं छात्रों के साथ जुड़ गया हूं और जब तक दोबारा परीक्षा कराने की उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक यहीं रहूंगा.
लगातार प्रदर्शन कर रहे छात्र
डोंबिवली सेंटर पर हुए इस विवाद के बाद से ही छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस के समझाने के बावजूद छात्र परीक्षा रद्द करने और दोबारा एग्जाम करवाने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि उन्हें बिना टेस्ट दिए ही बाहर कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें - "IIT से होकर भी यहां?" इंटरव्यू के एक सवाल ने तोड़ दिया IIT ग्रेजुएट का आत्मविश्वास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं