जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आने वाला है. सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए 31 जुलाई से 18 अगस्त तक 12 दिवसीय चयन अभियान आयोजित किया जाएगा. यह भर्ती अभियान भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में और एनडीआरएफ सिविल डिफेंस के तहत ईएलआई योजना के प्रावधानों के अनुसार पंचायत समिति स्तर पर आयोजित होगा. अभियान में जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे.
हर पंचायत समिति में लगेगा भर्ती शिविर
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल ने बताया कि भर्ती अभियान की शुरुआत 31 जुलाई को नांगल राजावतान से होगी. इसके बाद 3 अगस्त को लवाण 4 अगस्त को रामगढ़ पचवारा 5 अगस्त को लालसोट 6 अगस्त को सिकंदरा 7 अगस्त को सिकराय 10 अगस्त को महवा 11 अगस्त को मंडावर 12 अगस्त को बैजूपाड़ा 14 अगस्त को बसवा 17 अगस्त को बांदीकुई तथा 18 अगस्त को दौसा में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे. सभी शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे.
ये होगी योग्यता और जरूरी दस्तावेज
नीमच कमांडेंट कार्यालय से महिपाल सिंह ने बताया कि किसी भी तहसील का पात्र अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी शिविर में शामिल हो सकता है. सुरक्षा जवान पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है. अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. ऊंचाई 168 सेंटीमीटर से अधिक तथा वजन 55 से 90 किलोग्राम निर्धारित किया गया है. चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए 10वीं या 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड पैन कार्ड की फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा.
कितने मिलेगी वेतन
सुरक्षा जवानों को 18 हजार से 28 हजार रुपये प्रतिमाह, सुरक्षा सुपरवाइजर को 20 हजार से 28 हजार रुपये और सुरक्षा अधिकारी को 33 हजार से 40 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा. इसके साथ ही पीएफ पेंशन, जीवन बीमा, मेडिकल सुविधा, और मेस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं