विज्ञापन

कौन थे DUSU के पहले अध्यक्ष गजराज बहादुर नागर, जिनके पोते हैं मशहूर यूट्यूबर कैरी मिनाटी

DUSU के पहले निर्वाचित अध्यक्ष गजराज बहादुर नागर का नाम दिल्ली की छात्र राजनीति से लेकर हरियाणा की राजनीति तक रहा है. 

कौन थे DUSU के पहले अध्यक्ष गजराज बहादुर नागर, जिनके पोते हैं मशहूर यूट्यूबर कैरी मिनाटी
DUSU के पहले निर्वाचित अध्यक्ष गजराज बहादुर नागर बने थे.

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन यानी DUSU का नाम छात्र राजनीति में काफी अहम है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि DUSU के पहले निर्वाचित अध्यक्ष कौन थे? उनका नाम था गजराज बहादुर नागर. खास बात यह है कि उनके पोते आज देश के चर्चित यूट्यूबर कैरी मिनाटी हैं. कैरी मिनाटी का असली नाम अजय नागर है.

कौन थे गजराज बहादुर नागर?

गजराज बहादुर नागर का जन्म 1928 में हरियाणा के फरीदाबाद के भोपुर गांव में एक गुर्जर परिवार में हुआ था. उन्होंने कानून की पढ़ाई की थी. साल 1954 में वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के पहले निर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष बने. उन्होंने 1954-55 के दौरान DUSU अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाली.

छात्र राजनीति से आगे बढ़ते हुए गजराज बहादुर नागर ने सक्रिय राजनीति में भी कदम रखा. साल 1977 में उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में फरीदाबाद की मेवला महाराजपुर सीट से चुनाव जीता. इसके बाद वह हरियाणा सरकार में मंत्री बने. उन्हें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी. गजराज बहादुर नागर का निधन साल 2001 में हुआ था. उस समय उनकी उम्र 73 साल थी. उनकी पत्नी भगवान देवी नागर का निधन फरवरी 2021 में हुआ.

पोते हैं मशहूर यूट्यूबर कैरी मिनाटी

गजराज बहादुर नागर के पोते अजय नागर को दुनिया कैरी मिनाटी के नाम से जानती है. वह यूट्यूब पर रोस्टिंग गेमिंग और मनोरंजन से जुड़े वीडियो के लिए मशहूर हैं. पिछले करीब एक दशक में कैरी मिनाटी ने डिजिटल दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है.

कैरी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्होंने शुरुआत की थी तो उनके सपने बहुत बड़े नहीं थे. वह सिर्फ 50 हजार सब्सक्राइबर चाहते थे. उनका सपना था कि उनके पास गेम खेलने और कंटेंट बनाने के लिए एक कमरा हो और वह नए गेम खरीदने के लिए पर्याप्त कमाई कर सकें.

मां डॉक्टर और पिता हैं वकील

कैरी मिनाटी शुरुआत में उनके माता-पिता उनके इस करियर को लेकर पूरी तरह उनके साथ नहीं थे. 10वीं के बाद उनकी मां चाहती थीं कि वह मेडिकल की पढ़ाई करें. लेकिन कैरी को पता था कि वह मेडिकल की पढ़ाई नहीं कर पाएंगे. इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता से कंप्यूटर खरीदने को कहा और आर्ट्स स्ट्रीम चुन ली.

कैरी की मां डॉक्टर हैं जबकि उनके पिता वकील हैं. परिवार की अलग-अलग पेशेवर पृष्ठभूमि के बीच कैरी ने इंटरनेट की दुनिया में अपना रास्ता बनाया और आज वह भारत के बड़े यूट्यूब क्रिएटर्स में शामिल हैं.  इस तरह गजराज बहादुर नागर ने जहां छात्र राजनीति से लेकर हरियाणा की राजनीति तक अपनी पहचान बनाई वहीं उनके पोते अजय नागर यानी कैरी मिनाटी ने डिजिटल दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई है.

यह भी पढ़ें-  नंगे पैर चुनाव प्रचार कर दीपांशु शौकीन ने रचा इतिहास, DUSU चुनाव में निर्दलीय उपाध्यक्ष बनकर तोड़े रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DUSU, CarryMinati, Delhi University
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com