जल शक्ति मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने चीफ ड्राफ्ट्समैन के 39 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. ये पद ग्रुप 'बी' राजपत्रित, गैर-मंत्रालयी श्रेणी के हैं और अस्थायी तौर पर प्रतिनियुक्ति के आधार पर भरे जाएंगे. इन पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अक्टूबर से चल रही है. आवेदन करने की आखिरी तारीख रोजगार समाचार में ये नोटिस छपने की तारीख से 60 दिन के भीतर तय की गई है. इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें.
किस शहर में कितने पद खाली हैं?
नई दिल्ली: केंद्रीय जल आयोग (मुख्यालय) में 14 पद, यमुना बेसिन संगठन में 2 पद, जल संसाधन विभाग (डीओडब्ल्यूआर), आरडी और जीआर में 2 पद और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण में 2 पद हैं.
गुवाहाटी (असम): ब्रह्मपुत्र बेसिन संगठन में 2 पद
शिलांग (मेघालय): बराक और अन्य बेसिन संगठन में 1 पद
कोयंबटूर (तमिलनाडु): कावेरी और दक्षिणी नदियां संगठन में 2 पद
हैदराबाद (तेलंगाना): कृष्णा और गोदावरी बेसिन संगठन में 2 पद
चंडीगढ़ (पंजाब): सिंधु बेसिन संगठन में 2 पद
पटना (बिहार): निचली गंगा बेसिन संगठन में 1 पद
लखनऊ (उत्तर प्रदेश): ऊपरी गंगा बेसिन संगठन में 2 पद
भुवनेश्वर (ओडिशा): महानदी और पूर्वी नदियां संगठन में 1 पद
नागपुर (महाराष्ट्र): केंद्रीय निगरानी संगठन में 2 पद
बेंगलुरु (कर्नाटक): दक्षिणी निगरानी संगठन में 1 पद
भोपाल (मध्य प्रदेश): नर्मदा बेसिन संगठन में 2 पद
गांधीनगर (गुजरात): माही और तापी बेसिन संगठन में 1 पद
योग्यता, उम्र और सैलरी
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से सिविल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा होना चाहिए. साथ ही केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, वैधानिक या स्वायत्त संस्थानों, पीएसयू, यूनिवर्सिटी या मान्यता प्राप्त रिसर्च संस्थानों में संबंधित काम का 3 साल का अनुभव जरूरी है. जिन उम्मीदवारों के पास ऑटोकैड से जुड़े सॉफ्टवेयर पर काम करने का 6 महीने का अनुभव होगा, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी. आवेदन करने वालों की अधिकतम उम्र 56 साल तय की गई है, जिसकी गिनती आवेदन जमा करने की आखिरी तारीख के आधार पर होगी. चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 44,900 रुपए से 1,42,400 रुपए के बीच वेतन मिलेगा.
चयन प्रक्रिया और आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की जांच, जरूरी योग्यता, काम के अनुभव और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर होगा. ऑफलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले केंद्रीय जल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और इस भर्ती से जुड़ा नोटिफिकेशन खोलें. वहां दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड करके उसका प्रिंट निकाल लें. फॉर्म भरने के बाद जरूरी कागजात साथ लगाएं और एक लिफाफे में रखकर तय समय सीमा या उससे पहले इस पते पर भेज दें: अवर सचिव, स्थापना-एक्स अनुभाग, केंद्रीय जल आयोग, तीसरी मंजिल (दक्षिण), सेवा भवन, आर.के. पुरम, नई दिल्ली-110066
यह भी पढ़ें | 10वीं-12वीं में थर्ड डिवीजन वाले ने यूपी PCS में कर दिया टॉप, सीएम योगी ने किया जिक्र
यह भी पढ़ें | यूपी TGT भर्ती में बड़ा बदलाव: 2 साल की डिग्री वालों को भी आवेदन का मौका, कल आखिरी तारीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं