बिहार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सहायक प्राध्यापक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को झटका लगा है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में सहायक प्राध्यापक (स्पेशियलिटी) के 1,711 पदों पर होने वाली भर्ती को रद्द कर दिया है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 04/2025 से 28/2025 के तहत जारी सभी संबंधित विज्ञापनों को वापस लेने की सूचना दी है.
विभाग ने वापस ली अधियाचना
आयोग की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा भर्ती के लिए भेजी गई अधियाचना वापस ले ली गई है. इसी वजह से पहले जारी किए गए सभी विज्ञापनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है. हालांकि, आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि संशोधित अधियाचना मिलने के बाद नए सिरे से विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है.
कई विभागों में होनी थी नियुक्ति
इस भर्ती के तहत बिहार के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में अलग-अलग चिकित्सा विशेषज्ञता के विभागों में नियुक्तियां की जानी थी. इनमें एनेस्थीसिया, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, माइक्रोबायोलॉजी, बाल रोग,बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी और एनाटॉमी समेत कई विषय शामिल थे. पहले जारी विज्ञापनों में संबंधित विषय में MD/MS जैसी मेडिकल पोस्टग्रेजुएट डिग्री के साथ निर्धारित अनुभव और अन्य योग्यताएं मांगी गई थीं.
नए विज्ञापन का करना होगा इंतजार
भर्ती प्रक्रिया रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों को संशोधित अधियाचना के आधार पर जारी होने वाले नए विज्ञापन का इंतजार करना होगा. नए विज्ञापन में पदों की संख्या, विशेषज्ञता के अनुसार रिक्तियां, पात्रता और आवेदन से जुड़ी शर्तों की जानकारी सामने आएगी. फिलहाल BPSC ने नए विज्ञापन के प्रकाशन की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है.
यह भी पढ़ें | 11 लाख रुपये लो और नौकरी छोड़ दो, Microsoft इंजीनियर को कंपनी ने दिया ऑफर
यह भी पढ़ें | मैथ्स या साइंस में फेल होने का डर खत्म! CBSE का स्किल पेपर बचाएगा छात्रों का साल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं