विज्ञापन

विदेश में कैसे मनाई जाती है छठ पूजा? नीतू चंद्रा ने बताया यूके का तरीका, बोलीं- डूबते सूरज को भी करते हैं सलाम

अभिनेत्री नीतू चंद्रा इस बार अपनी मां के साथ यूके में छठ पूजा मनाने वाली हैं. एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने बताया कि विदेश में भी इस महापर्व को पूरी आस्था और पारंपरिक तरीके से मनाया जाता है.

विदेश में कैसे मनाई जाती है छठ पूजा? नीतू चंद्रा ने बताया यूके का तरीका, बोलीं- डूबते सूरज को भी करते हैं सलाम
मां के साथ यूके में छठ मनाएंगी नीतू चंद्रा

छठ पूजा अब केवल बिहार या भारत तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले भारतीय समुदाय भी इस महापर्व को पूरी आस्था और परंपरा के साथ मनाते हैं. विदेशों में भी छठ की रौनक देखने को मिलती है और वहां रहने वाले लोग अपनी सुविधाओं के मुताबिक पूजा की व्यवस्थाएं करते हैं. अभिनेत्री नीतू चंद्रा इस बार छठ पूजा अपनी मां के साथ ब्रिटेन में मनाने वाली हैं. वह इन दिनों अपनी मां के साथ यूके में हैं और पहली बार उन्हें छुट्टियां मनाने के लिए वहां लेकर गई हैं. एनडीटीवी के साथ खास बातचीत में नीतू ने बताया कि यूके में किस तरह छठ पूजा मनाई जाती है. उन्होंने भारत में भी घरों के आंगन और बगीचों में छठ करने की परंपरा का जिक्र किया और सूर्य को अर्घ्य देने के पीछे छिपे खूबसूरत भाव को भी समझाया.

नीतू ने बताया कि यूके में भी बड़े स्तर पर छठ पूजा मनाई जाती है. उन्होंने कहा, “यूके में बहुत छठ मनाई जाती है.” भारत में छठ मनाने के तरीकों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “इंडिया में भी, चाहे बिहार में पटना हो या कोई दूसरी जगह, जरूरी नहीं है कि सभी लोग घाट तक जाएं.” उन्होंने बताया कि खासकर बुजुर्गों के लिए घाट तक पहुंचना कई बार मुश्किल होता है. भीड़, फिसलने का डर और पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने की वजह से कई वरिष्ठ लोग घाट पर जाने के बजाय घर में ही पूजा करते हैं.

नीतू ने घर में छठ पूजा की व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, “बहुत सारे लोग, खासकर बड़े-बुजुर्ग, घाट पर नहीं जा पाते हैं. उन्हें डर लगता है कि कहीं फिसल न जाएं या कोई परेशानी न हो जाए. ऐसे में वे घर में ही ईंटों से एक छोटा-सा तालाब बना लेते हैं. एक चौकोर जगह तैयार करते हैं, जो लगभग एक बेड के आकार की होती है और उसमें पानी भरकर पूजा करते हैं.” उन्होंने बताया कि भारत में भी कई परिवार अपने आंगन या बगीचे में इसी तरह की व्यवस्था करके छठ पूजा करते हैं.

अभिनेत्री ने इस व्यवस्था को अच्छा विचार बताते हुए अपने मन की एक बात भी साझा की. उन्होंने कहा, “मेरे मन में हमेशा यह विचार आता था कि अगर अलग-अलग नदियों और समुद्र के किनारे भी इस तरह की व्यवस्था कर दी जाए, तो पूजा के लिए साफ पानी का बेहतर प्रबंधन हो सकता है.” हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बाद में उन्हें महसूस हुआ कि कई जगहों पर लोग इसी तरह अपनी सुविधा के अनुसार पूजा की व्यवस्था करते हैं. उनके मुताबिक, विदेश में भी छठ की परंपराएं वही रहती हैं और पूजा पूरे पारंपरिक तरीके से की जाती है.

चढ़ते और डूबते सूरज दोनों को अर्घ्य देने का है खास अर्थ

छठ पूजा में शाम को डूबते सूरज और अगली सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देने की परंपरा है. नीतू चंद्रा ने इस परंपरा के पीछे छिपे भाव को बेहद खूबसूरत बताया. उन्होंने कहा, “हम चढ़ते सूरज को भी सलाम करते हैं और डूबते सूरज को भी सलाम करते हैं.” उन्होंने आगे समझाया, “सुबह जब हम अर्घ्य देते हैं, तो सूर्य को उनके उगने के लिए धन्यवाद देते हैं. वहीं शाम को डूबते सूरज को भी अर्घ्य देते हैं और उनकी पूरी यात्रा के लिए आभार जताते हैं.”

नीतू के मुताबिक, छठ की यह परंपरा जीवन के प्रति कृतज्ञता का भाव सिखाती है. उन्होंने कहा, “यह बहुत खूबसूरत भावना है कि हम सिर्फ चढ़ते सूरज को ही नहीं, बल्कि डूबते सूरज को भी धन्यवाद देते हैं.” उनके अनुसार, इस पूजा का यही भाव इसे बेहद खास बनाता है.

पहली बार मां को लेकर यूके पहुंचीं नीतू

इस बार छठ पूजा नीतू के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि वह अपनी मां के साथ यूके में हैं. बातचीत में उन्होंने बताया, “मेरी मम्मी यहां हैं. मैं उन्हें पहली बार वेकेशन पर यूके लेकर आ पाई हूं.” उन्होंने बताया कि उनकी मां पहले अमेरिका सहित कई देशों की यात्रा कर चुकी हैं, लेकिन यूके में यह उनकी पहली यात्रा है. ऐसे में इस बार मां के साथ विदेश में छठ मनाना उनके लिए खास अनुभव होगा.

ये भी पढ़ें: 26 साल पुराना गाना, जिसमें 27 साल की ऐश्वर्या ने किए थे सोलह श्रृंगार, अभिषेक के साथ जमी थी जोड़ी, अनुराधा पौडवाल की आवाज ने बनाया यादगार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Neetu Chandra, Entertainment, Chhath 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com