विज्ञापन
This Article is From Jan 31, 2024

इतिहास : मुग़ल वंश के सबसे मशहूर शासकों के क्या थे असली नाम...?

अकबर ने मुग़ल साम्राज्य का भारतीय उपमहाद्वीप के बहुत-से हिस्सों में विस्तार किया था.अब अगर जहांगीर की बात करें, तो अकबर के इस पुत्र का नाम बचपन से सलीम था.

नई दिल्ली:

हिन्दुस्तान पर 300 साल तक राज करते रहे मुग़ल शासकों को लेकर कई किस्से प्रचलित हैं, और उन्हें कुशल शासक माना जाता रहा है. आपको बता दें कि मुग़ल दो मशहूर शासक वंशों के वंशज थे. माता की ओर से वे मंगोल शासक चंगेज़ खान, जो चीन और मध्य एशिया के कुछ भागों पर राज करता था, के उत्तराधिकारी थे, और पिता की ओर से वे ईरान, इराक एवं वर्तमान तुर्की के शासक तैमूर (जिसकी मृत्यु 1404 में हुई) के वंशज थे.

मुग़ल शासकों में यूं तो कई शासक हुए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मशहूर हुए थे अकबर, जहांगीर और शाहजहां.अपने-अपने दौर में इनकी बहादुरी के किस्से भी खासे प्रचलित थे, और ये तीनों अपनी बड़ी-बड़ी सेनाओं के साथ-साथ अपने बड़े फ़ैसलों के लिए भी जाने जाते रहे.

लेकिन यह बात कम ही लोगों को पता है कि अकबर, जहांगीर और शाहजहां जैसे मुग़ल शासकों का नाम पहले कुछ और हुआ करता था.आइए, आज आपको इन तीनों शासकों के असली नामों से रूबरू करवाते हैं.

मुग़ल शासक अकबर को बचपन में बदरुद्दीन के नाम से जाना जाता था.15 अक्टूबर, 1542 को जन्मे अकबर दरअसल पूर्णिमा के दिन पैदा हुए थे, इसलिए उनका नाम बदरुद्दीन मोहम्मद अकबर रखा गया था, क्योंकि बद्र का मतलब होता है पूर्ण चंद्रमा, जबकि अकबर उनके नाना शेख अली अकबर जामी के नाम से लिया गया था.

अकबर ने मुग़ल साम्राज्य का भारतीय उपमहाद्वीप के बहुत-से हिस्सों में विस्तार किया था.अब अगर जहांगीर की बात करें, तो अकबर के इस पुत्र का नाम बचपन से सलीम था, जिसका जन्म 30 अगस्त, 1569 को हुआ था. बादशाह अकबर ने सलीम का नाम शेख सलीम चिश्ती के नाम पर रखा था.

अकबर के बाद जब सलीम ने तख्त संभाला, तो उन्हें जहांगीर की उपाधि दी गई, जिसका मतलब होता है 'दुनिया को जीतने वाला'.अब जहांगीर की संतान और उत्तराधिकारी शाहजहां की बात हो, तो बता दें कि उन्हें बचपन में खुर्रम के नाम से जाना जाता था. शाहजहां का जन्म लाहौर में सन 1592 में हुआ था.

शाहजहां अपने शासन के साथ-साथ अपने जीवनकाल में अपने द्वारा बनवाई गई इमारतों के लिए भी खासे मशहूर हैं. शाहजहां ने आगरा का ताजमहल, आगरा का किला, आगरा की ही मोती मस्जिद के साथ-साथ दिल्ली का लाल किला और जामा मस्जिद भी तामीर करवाई थीं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akbar, Mugal, Jahangir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com