उत्तराखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में 17 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए. टिहरी जिले में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चार सड़क हादसे हुए, जिनमें 13 लोगों की जान चली गई. सबसे बड़ा हादसा मुनि की रेती क्षेत्र में हुआ, जहां एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई, जिससे 9 यात्रियों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए इन हादसों पर दुख जाहिर किया और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने प्रशासन को घायलों का तत्काल इलाज करवाने के लिए निर्देश भी दिए. अधिकारियों के मुताबिक, टिहरी जिले में ही सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चार सड़क हादसे हुए, जिनमें 13 व्यक्तियों की मौत हुई.
पुलिस ने बताया कि ऋषिकेश-कीर्तिनगर मार्ग पर हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य व्यक्तियों ने ऋषिकेश स्थित AIIMS में दम तोड़ दिया. मृतकों में बस का चालक राजेंद्र सिंह (48) और परिचालक अनुज भंडारी भी शामिल है.
यूपी के रहने वाले हैं पीड़ित...
टिहरी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, अन्य मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी के रहने वाले विक्की (37) एवं रोहित कश्यप (37), पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के रहने वाले राज रॉय, उत्तराखंड के टिहरी जिले के मैखंडी निवासी पुन्नू (55), चमोली जिले के गोपेश्वर निवासी सुशील प्रताप सिलोडी (55), मध्य प्रदेश के दीपक गुप्ता (55) एवं विकास गुप्ता के रूप में हुई है. हादसे के वक्त बस में 34 यात्री सवार थे और वह हरिद्वार से चमोली जिले के जोशीमठ जा रही थी.
परिचालन केंद्र ने बताया कि घायलों का एम्स ऋषिकेश में इलाज जारी है. घायल यात्रियों में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोग शामिल हैं. घायलों में एक तीन साल की बच्ची आयरा और उसकी मां नूरजहां (26)भी शामिल हैं जो गुवाहाटी की रहने वाली हैं.
इस बीच, टिहरी की सीनियर पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि हादसे वाली जगह पर एक तीव्र मोड़ है. उन्होंने कहा कि हादसे के पीछे सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
केंद्र ने बताया कि एक अन्य हादसा, सोमवार देर रात टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में हुआ जहां एक स्कूटर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में उस पर सवार दोनों युवकों की मौत हो गई, जिनकी पहचान टिहरी जिले के दोगी क्षेत्र के रहने वाले आशीष सिंह (25) और प्रेम सिंह (32) के रूप में हुई है.
स्कूटर और ट्रक की भिड़ंत...
टिहरी जिले में चौथा हादसा सोमवार देर रात घनसाली क्षेत्र में चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर भटेडी बैंड के पास हुआ, जहां एक स्कूटर और ट्रक की आपसी भिडंत में स्कूटर सवार व्यक्ति सुरेंद्र सिंह (35) की मौत हो गई.
एक अन्य हादसा, सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि इलाके में बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुआ, जहां पोखरी से रांसी जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए.
पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. घायलों में से चार को शुरुआती इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया.
मृतकों की पहचान रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ के रांसी गांव निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा गांव के सूरत सिंह (42) और दादा गैड़ गांव के बलबीर सिंह (70) के रूप में हुई है. घायलों में कांथा गांव की पूजा देवी (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी वंशिका भी शामिल हैं. हादसे के वक्त वाहन में 10 लोग सवार थे. हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसों पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
मुख्यमंत्री ने एक शोक संदेश में संबंधित अधिकारियों को घायलों का इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावितों को हर मुमकिन मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें | उत्तराखंड में 2 बड़े हादसे; ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर पुल से गिरी बस में 6 की मौत, रूद्रप्रयाग में गई 4 की जान
यह भी पढ़ें | चक्रवात से बदला मौसम, उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी और हरिद्वार में गिरे ओले; बिहार-झारखंड में भी बरसेंगे बादल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं