उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों में जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ BJP दफ्तर पहुंच और सहयोगियों संग खेली होली. इस मौके पर उन्होंने सभी को जीत की बधाई दी. चुनाव आयोग के शाम 7.30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा 141 सीटें जीत चुकी है, जबकि 113 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं, समाजवादी पार्टी 51 सीटें जीत ली हैं, जबकि 61 सीटों पर आगे चल रही है. बसपा 1 सीट पर आगे चल रही है, और कांग्रेस ने एक सीट जीती है, जबकि एक पर आगे बनी हुई है. 2017 में बीजेपी को 39.6 फीसदी वोट मिले थे जो 2022 में यानी पांच साल में पांच फीसदी बढ़कर 44.6 फीसदी हो गया है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सरधना सीट से बीजेपी विधायक संगीत सोम चुनाव हार गए हैं. कन्नौज सदर सीट से BJP के असीम अरुण जीत गए हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से चुनाव जीत चुके हैं. बीजेपी से सपा में आए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर से चुनाव हार गए हैं. हालांकि, योगी मंत्रीमंडल से इस्तीफ़ा देकर आए दारा सिंह चौहान सपा के टिकट से घोषी से जीत गए हैं. नोएडा से बीजेपी के पंकज सिंह चुनाव जीत गए.