विज्ञापन

तिरुपति में कर्ज न चुका पाने पर बच्चे समेत मां को उठा ले गए साहूकार, YSRCP ने TDP सरकार को घेरा

तिरुपति में कर्ज न चुका पाने पर साहूकारों द्वारा मां-बच्चे को उठा ले जाने के आरोप पर सियासत गरमा गई है. YSRCP ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

तिरुपति में कर्ज न चुका पाने पर बच्चे समेत मां को उठा ले गए साहूकार, YSRCP ने TDP सरकार को घेरा
कर्ज न चुका पाने पर परिवार के साथ बदसलूकी की मामला.
NDTV
तिरुपति:

आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में कर्ज न चुका पाने पर 6 महीने के बच्चे और उसकी मां को पकड़ ले जाने के आरोपों ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है. थोट्टाम्बेदु मंडल के शिवनाथपालेम गांव की इस घटना को लेकर विपक्षी YSRCP ने पुलिस की कार्रवाई और TDP सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मां-बच्चे को सुरक्षित वापस लाया गया है. परिवार के मुताबिक, आदि और उनकी पत्नी मेघमाला ने करीब सात महीने पहले श्रीकालाहस्ती के रहने वाले वेंकटगिरी मुनेम्मा, प्रसाद और मोहन के परिवार से 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे. बताया जा रहा है कि इस पर 5 रुपये (प्रति सैकड़ा) की दर से ब्याज तय किया गया था. आरोप है कि कर्ज लेने वाले लोग मूल रकम और ब्याज चुकाने में चूक गए.

परिवार के आरोपों के आधार पर मिली खबरों के मुताबिक, 11 नवंबर को जब आदि घर पर नहीं थे, उस वक्त कर्ज देने वाले प्रसाद और उनका बेटा मोहन वहां पहुंचे और बकाया ब्याज को लेकर मेघमाला और उनके छह महीने के बच्चे को अपने साथ ले गए.

इसके बाद मेघमाला के परिवार ने 'डायल 100' के जरिए पुलिस से संपर्क किया. बताया जाता है कि पुलिस की दखल के बाद मां और बच्चे को सुरक्षित वापस लाया गया.

हालांकि, शनिवार को थोट्टाम्बेदु पुलिस स्टेशन में एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान श्रीकालाहस्ती की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पावनी ने इस पर स्पष्टीकरण दिया. उन्होंने बताया कि मेघमाला की लिखित शिकायत में ब्याज चुकाने के लिए दबाव डाले जाने का जिक्र तो था, लेकिन उसमें यह आरोप नहीं लगाया गया था कि उन्हें जबरन ले जाया गया या कहीं कैद करके रखा गया.

पुलिस ने क्या बताया?

DSP ने बताया कि पुलिस ने स्टेशन रसीद जारी की है और मामला दर्ज करने के लिए स्थानीय अदालत से अनुमति मांगी है. 13 नवंबर को थोट्टाम्बेदु के सब-इंस्पेक्टर द्वारा जारी एक नोटिस में भी BNSS की धारा 174 के तहत कार्यवाही का उल्लेख किया गया है.

पुलिस ने कहा कि अगर कोर्ट से अनुमति मिलती है, तो केस दर्ज किया जाएगा. पुलिस उपाधीक्षक ने आगे कहा कि मारपीट के आरोप वाली एक अलग शिकायत पर भी कार्रवाई की जाएगी.

इस बीच, YSRCP ने TDP के नेतृत्व वाली सरकार पर परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में फेल रहने का आरोप लगाया. इसके साथ ही, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा, "कोई शख्स पैसे वसूलने के लिए किसी छोटे बच्चे को उसके घर से कैसे ले जा सकता है और पुलिस ने इस पर क्या कार्रवाई की है?" इसके साथ ही, उन्होंने जवाबदेही तय करने और जबरन कर्ज वसूली को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें | आंध्र प्रदेश के श्री सिटी फार्मा प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, 5 मजदूरों की मौत; 10 गंभीर घायल

यह भी पढ़ें | बैलेंस बिगड़ा, सड़क से उतरकर पलटी तिरुपति जा रही बस, एक्सीडेंट का खौफनाक वीडियो

यह भी पढ़ें | तिरुपति बालाजी: केमिकल और पाम ऑयल से बनाया गया था लड्डू प्रसादम, सुकृति फूड्स का मालिक गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Andhra Pradesh, Tirupati, YSRCP, TDP Alliance, Andhra Pradesh Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com