महाराष्ट्र की राजनीति में इस बात की बड़ी चर्चा है कि सुनेत्रा पवार की एनसीपी और शरद पवार की एनसीपी का विलय होने वाला है. लेकिन शरद पवार की बेटी और एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने एनडीटीवी से खास बातचीत में कहा कि एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय नहीं हो रहा है और हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. सुप्रिया सुले का कहना है कि 'ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है और जब मेरे भाई अजित पवार जिंदा थे तब बातचीत हुई थी, सारी दुनिया जानती है मगर उनके गुजर जाने के बाद मर्जर की कोई बात ही नहीं हुई है. विलय का सवाल ही नहीं उठता. भाई (अजित पवार) थे तब हुआ था हमारी भी भावना थी. उनके जाने के बाद बात ही खत्म हो गई.'
दरअसल दोनों एनसीपी के विलय की अटकलें तब तेज हो गईं जब प्रधानमंत्री ने शरद पवार से स्वास्थ्य की जानकारी लेने के संबंध में उनसे बात की. फिर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'सुप्रिया तैयार है.सुप्रिया और हम मिलकर देश संभाल लेंगे. आप आराम कीजिए.'
मगर सुप्रिया सुले का कहना है कि प्रधानमंत्री ने शरद पवार से बातचीत की और उस बातचीत के आधार पर उन्होंने जो सोशल मीडिया पर लिखा उसका वो जवाब नहीं दे सकती हैं. फिर शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल का अस्पताल में मिलने का एक वीडियो आया. शरद पवार से मुलाकात करने वाले लोगों में दोनों एनसीपी के नेता भी थे, इससे दोनों दलों के विलय की चर्चा को और बल मिला. मगर सुप्रिया सुले का कहना है कि पवार साहब से तो लोग मिलते रहते हैं, जिसमें सभी पार्टी के लोग शामिल होते हैं और जहां तक पार्थ पवार के मिलने की बात है तो वो अपने दादा से कभी भी मिल सकते हैं इसका कोई राजनीतिक मतलब हो जरूरी नहीं है.दोनों एनसीपी के विलय से रोहित पवार भी लगातार इंकार करते आ रहे हैं. रोहित पवार शरद पवार के पोते लगते हैं और फिलहाल विधायक हैं.
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि दोनों एनसीपी के विलय की बात क्यों अटक गई क्योंकि यह तो अजित पवार के रहते ही तय हो गया था मगर उनके ना रहने की वजह से स्थिति बदल चुकी है. सबसे बड़ा सवाल ये है कि दोनों एनसीपी के विलय के बाद उसका नेतृत्व कौन करेगा. सुनेत्रा पवार क्या अपना पद छोड़ेंगी और शरद पवार का नेतृत्व स्वीकार करेंगी जवाब है नहीं. दूसरा सवाल बारामती लोकसभा क्षेत्र से कौन चुनाव लड़ेगा यानी बारामती किसका ? बारामती शरद पवार परिवार के लिए कुछ ऐसा है जैसे गांधी परिवार के लिए रायबरेली और अमेठी. यहां पर यह भी बताना जरूरी है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से हरा चुकीं है.
सुप्रिया सुले लगातार चार बार से बारामती जीत रहीं है, उसके पहले शरद पवार यहां से लगातार जीतते रहे हैं. तीसरा सवाल है कि यदि दोनों एनसीपी का विलय होता है पवार गुट को भी महाराष्ट्र और दिल्ली में मंत्री पद मिलेगा जिससे सुनेत्रा पवार का कद घटेगा. दोनों एनसीपी की इस कहानी में यहां पर बीजेपी की इंट्री होती है. फडणवीस ने कहा है कि 'सत्तारूढ़ महायुति में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए बीजेपी को भरोसे में लिए बिना दोनों गुटों का विलय संभव नहीं है.' फडणवीस के ऐसा कहने की क्या वजह है? इसका जवाब है कि यदि दोनों एनसीपी मिलती है तो महाराष्ट्र और दिल्ली दोनों जगह मंत्री पदों में बंटवारा होगा, मंत्रालय छिने जाएंगे. दूसरा अगले लोकसभा चुनाव में जब सीटों का बंटवारा होगा तो एनसीपी को 9 लोकसभा सीटें देनी होगी और शिंदे सेना को 14 तब बीजेपी के पास केवल 25 सीटें हीं बचेगी. तीसरा एकीकृत एनसीपी और भी मजबूत होगी और उससे उसकी सौदेबाजी की ताकत भी बढ़ेगी.
उधर एनसीपी अजित पवार गुट के नेता छगन भुजबल का कहना है कि 'मैंने सुप्रिया से कहा था कि पवार साहब का तो पता नहीं, लेकिन आपको हमारे साथ आना चाहिए. आज हम एनडीए और बीजेपी के साथ हैं, जबकि पवार साहब इंडिया गठबंधन के साथ हैं, इसलिए आगे क्या होगा यह देखना होगा. इसे कैसे मुमकिन किया जाए, यह हमारे लिए एक जटिल सवाल है. ठाकरे परिवार (राज-उद्धव) एक साथ आ गया है, अगर पवार परिवार एक साथ आता है तो किसे अच्छा नहीं लगेगा.'
उधर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता पृथ्वीराज चौहान का कहना है कि शरद पवार ने हमेशा लेफ्ट टू सेंटर की राजनीति की है और वो कभी बीजेपी के साथ नहीं जाऐंगे.उनके पिता भी पीजेंटऔर वर्कर पार्टी में थे. कहने का मतलब है कि दोनों एनसीपी के विलय पर सबकी निगाहें हैं क्योंकि यदि ऐसा होता है तो यह देश की राजनीति के लिहाज से बड़ी घटना होगी जिसका एनडीए और इंडिया गठबंधन की राजनीति पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा. मगर फिलहाल दोनों एनसीपी का विलय केवल चर्चाओं तक ही सीमित है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं