- महाराष्ट्र के लातूर जिले में नीट परीक्षा रद्द होने के कारण मानसिक तनाव में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली.
- छात्रा ने डॉक्टर बनने का सपना देखा था और नीट परीक्षा में शामिल होकर सफलता के लिए प्रयासरत थी.
- परिजन ने किसी पर कोई शक नहीं जताया और यह स्पष्ट किया कि परीक्षा रद्द होने के बाद वह अवसाद में थी.
महाराष्ट्र के लातूर जिले में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली. परिजनों का दावा है कि नीट पेपर लीक मामले के बाद परीक्षा रद्द होने की वजह से वह अवसाद में चली गई थी. यह दुखद घटना लातूर जिले के गोंद्री गांव की है. पुलिस को दिए बयान के अनुसार, मृत छात्रा का सपना डॉक्टर बनने का था और उसने इस साल नीट की परीक्षा भी दी थी. लेकिन देशभर में हुए नीट पेपर लीक विवाद और उसके बाद परीक्षा रद्द होने के फैसले से वह बुरी तरह टूट गई थी.
परिजनों ने कहा- किसी पर शक नहीं
डॉक्टर बनने का सपना अधूरा रह जाने से आहत होकर उसने अपने ही खेत में नींबू के पेड़ से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी. बेटी की मौत से परिवार में शोक का माहौल है. छात्रा के पिता ने पुलिस को दिए अपने बयान में स्पष्ट किया कि परीक्षा रद्द होने के बाद से ही उनकी बेटी मानसिक तनाव से जूझ रही थी. परिजनों ने यह भी कहा कि उन्हें किसी व्यक्ति पर कोई संदेह नहीं है और न ही किसी के खिलाफ शिकायत है.
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. यह बयान पीड़ित पिता (अशोक विठ्ठल सोनवणे) का है, जिनकी 18 वर्षीय बेटी ने नीट परीक्षा रद्द होने के मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली. छात्रा ने इस साल 12वीं साइंस में 51.50% अंक हासिल किए थे और वह डॉक्टर बनना चाहती थी. 16 मई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे छात्रा ने अपने ही खेत में नींबू के पेड़ से ओढ़नी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. परिजन उसे तुरंत मुरुड के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कलबुर्गी में भी छात्रा ने की आत्महत्या
वहीं, इससे पहले कर्नाटक के कलबुर्गी शहर में NEET परीक्षा देने वाली एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी. छात्रा की पहचान भाग्यश्री के रूप में हुई. उसकी उम्र 18 साल बताई जा रही है. भाग्यश्री ने परिवार को झूठ बोला था कि PUC परीक्षा में उसके 92% अंक प्राप्त किए थे. लेकिन वह इस परीक्षा में फेल हो गई थी. उसने 2 मई को NEET परीक्षा दी थी. पुलिस के अनुसार, भाग्यश्री ने कथित तौर पर शहर के कोर्ट सर्कल के पास स्थित अपने अपार्टमेंट में छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
ये भी पढ़ें :कलबुर्गी में NEET अभ्यर्थी ने परीक्षा के बाद की आत्महत्या
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं