- समाजवादी पार्टी के सांसद SP सिंह ने दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को ढोंग बताते हुए इसे बंद करने की मांग की है
- सांसद ने कहा कि दुर्गा पूजा में मूर्ति को गंदे नालों में बहाना देवी की अपमानजनक परंपरा है और इसे रोकना चाहिए
- बीजेपी ने इस बयान पर सपा पर हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप लगाते हुए अखिलेश से जवाब मांगा
समाजवादी पार्टी के सांसद SP सिंह के एक विवादित बयान ने यूपी की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. सपा सांसद ने हिंदू धार्मिक आयोजनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को ढोंग बता दिया और उसे बंद करने की मांग कर डाली. सपा सांसद के इस बयान के सामने आते ही बीजेपी ने पलटवार किया. बीजेपी प्रवक्ता प्रियंक पांडे ने सपा पर हिंदू आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया है और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से जवाब मांगा है.
दुर्गा पूजा-कांवड़ यात्रा पर SP सांसद ने क्या कहा?
सांसद SP सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कुछ लोगों के साथ दौरे पर निकले हैं. यहां कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान सपा सांसद ने कहा, "ढोंग में बिल्कुल भी मत पड़ो. दुर्गा पूजा के बाद माता की मूर्ति को गंदे नालों में बहा दिया जाता है. जिस प्रतिमा की नौ दिन तक पूजा और फिर उसे ऐसे फेंक दो, तो क्या माता प्रसन्न होंगी? क्या वो देवी तुमको आशीर्वाद देंगी? नहीं वो देवी आपको श्राप देगी. इसलिए ये सब करना बंद कर दो. कांवड़ यात्रा को भी बंद कर दो. 50-50 किलोमीटर पैदल जाने से कुछ नहीं मिलेगा, सिर्फ पांव में छाले ही होंगे. इसलिए ये सब बंद कर दो. पूजा करनी है, तो अपने गांव के मंदिर में करो. आशीर्वाद वहीं से मिलना शुरू हो जाएगा."
ये भी पढ़ें:- 'सियासत के चौधरी मासूमों को धोखा देते हैं, अखिलेश सिर्फ 'Y' के लिए...', गठबंधन के ऐलान के बाद NDTV से बोले ओवैसी
ये सपा की दोहरी राजनीति, अखिलेश दें जवाब
एसपी सिंह के विवादित बयान पर बीजेपी का पलटवार करते हुए अखिलेश यादव को घेरने की कोशिश की, जो जल्द अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने जाने वाले हैं. प्रवक्ता बीजेपी प्रियंक पांडे ने कहा, "1990 में कारसेवकों पर चली गोलीबारी और 2026 की बयानबाजी तक, समाजवादी पार्टी के सामने हिंदू की आस्था और राजनीति के रिश्ते के सवाल बार-बार क्यों खड़े होते हैं? कभी मुलायम सिंह सरकार में कारसेवकों पर गोलियां चलीं, वर्षों बाद उनकी पार्टी के नेता उसी फैसले को उचित ठहरा रहे हैं. अब धार्मिक कथाओं और सनातन धर्म के आयोजनों को लेकर बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं. अखिलेश एक तरफ, राम लला के दर्शन की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ सपा नेताओं की ऊलजलूल बयानबाजी सामने आ रही है. इससे सपा की दोहरी राजनीति पर सवाल उठ रहे हैं. क्या अखिलेश यादव अपने सांसद के इस बयान से सहमत हैं? क्या सपा हिंदू त्योहारों के खिलाफ है? अखिलेश यादव को इन सवालों का जवाब देना चाहिए."
ये भी पढ़ें:- 'उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते...', अखिलेश के 'घुसपैठिया' बयान पर CM योगी का पलटवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं