- रेलवे में 80% तक घटे अपराध, सोलर CCTV कैमरों ने दिखाया कमाल
- EAGLANCE सिस्टम बना रेलवे की ढाल, चोरी और ट्रैक छेड़छाड़ की घटनाएं लगभग खत्म
- बिजली नहीं तो भी निगरानी जारी, रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर 24 घंटे नजर
भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा और रेल संपत्तियों की निगरानी को मजबूत करने के लिए अपनाई गई नई तकनीक के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) द्वारा संवेदनशील और दूरदराज क्षेत्रों में लगाए गए सोलर पावर आधारित CCTV कैमरों की वजह से अपराध और सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं में करीब 80 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है. रेलवे के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में चोरी, पत्थरबाजी, ट्रैक से छेड़छाड़ और अलार्म चेन पुलिंग जैसी घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट आई है.
229 से घटकर 49 रह गईं घटनाएं
NDTV ने ईस्ट कोस्ट रेलवे से प्राप्त आंकड़ों की पड़ताल की तो पता चला 1 जनवरी से 20 अक्टूबर 2026 तक की अवधि की तुलना 2025 की समान अवधि से की गई. इस दौरान सुरक्षा और अपराध से जुड़ी कुल घटनाएं 229 से घटकर 49 रह गईं. रेलवे के अनुसार यह लगभग 79 प्रतिशत की कमी है, जो सोलर CCTV आधारित निगरानी व्यवस्था के प्रभाव को दर्शाती है. अधिकारियों का कहना है कि कैमरों के कारण संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे नजर रखना संभव हुआ है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान की जा रही है.

सौर ऊर्जा से चलने वाले सीसीटीवी कैमरों से मॉनिटरिंग
Photo Credit: NDTV
रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ की घटनाएं हुईं शून्य
रेलवे के आंकड़ों में कई श्रेणियों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है. ट्रैक पर बाहरी वस्तुएं रखने, तोड़फोड़ या छेड़छाड़ की घटनाएं 2025 में जहां दो दर्ज हुई थीं, वहीं 2026 में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई. इसी तरह यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाएं भी दो से घटकर शून्य पर पहुंच गईं. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि कैमरों की मौजूदगी अपराधियों के लिए एक बड़ी रोक साबित हो रही है.

रेलवे ट्रैक की निगरानी
Photo Credit: NDTV
पत्थरबाजी और केबल चोरी में भी आई कमी
ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. 2025 में जहां ऐसी 20 घटनाएं सामने आई थीं, वहीं 2026 में इनकी संख्या घटकर केवल 3 रह गई. रेलवे के केबल काटने और चोरी करने की घटनाएं भी 10 से घटकर 3 पर पहुंच गईं. अधिकारियों के अनुसार दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार निगरानी संभव होने के कारण ऐसे मामलों की पहचान और रोकथाम में मदद मिली है.
चेन पुलिंग मामलों में सबसे अधिक असर
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार अलार्म चेन पुलिंग की घटनाएं 186 से घटकर 42 रह गईं. यह रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है क्योंकि अनावश्यक चेन पुलिंग के कारण परिचालन पर व्यापक असर पड़ता है. अन्य आपराधिक घटनाओं की संख्या भी 9 से घटकर महज 1 रह गई है.

सोलर सीसीटीवी लगाने से घटे अपराध
Photo Credit: NDTV
क्या है EAGLANCE सिस्टम?
ईस्ट कोस्ट रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने EAGLANCE नामक सोलर पावर संचालित CCTV निगरानी प्रणाली विकसित की है. इसे विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए तैयार किया गया है जहां बिजली की नियमित उपलब्धता नहीं रहती. इस प्रणाली में सौर ऊर्जा से चलने वाले कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें बिजली गिरने से सुरक्षा के लिए लाइटनिंग प्रोटेक्शन सिस्टम भी शामिल है. इन कैमरों को रेलवे स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग, पुलों, सुरंगों, यार्ड, सुनसान ट्रैक और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों जैसे संवेदनशील स्थानों पर लगाया जा रहा है.
24 घंटे निगरानी और रिकॉर्डिंग
EAGLANCE सिस्टम की मदद से रेलवे सुरक्षा बल को चौबीसों घंटे निगरानी और वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा मिल रही है. किसी संदिग्ध गतिविधि के दिखते ही RPF तत्काल कार्रवाई कर सकता है. इसके अलावा किसी घटना के बाद जांच और साक्ष्य जुटाने में भी रिकॉर्ड की गई फुटेज उपयोगी साबित हो रही है. रेलवे का कहना है कि इस प्रणाली से न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ी है, बल्कि रेलवे के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखने में भी बड़ी मदद मिली है.
2,459 कैमरों को मिली मंजूरी
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने पहले चरण में तीनों मंडलों में कुल 2,459 सोलर CCTV कैमरे लगाने की मंजूरी दी है. इनमें से अब तक 1,006 कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 1,453 कैमरों की स्थापना का कार्य जारी है.
तीन मंडलों में कैमरों की ऐसी है स्थिति
- खुर्दा रोड मंडल में अब तक 543 कैमरे लगाए जा चुके हैं और 500 अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए जाने हैं.
- रायगढ़ा मंडल में 66 कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 350 और कैमरे लगाए जाएंगे.
- संबलपुर मंडल में 397 कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं और 603 अतिरिक्त कैमरों पर काम जारी है.
रेलवे का सुरक्षा की दिशा में बड़ी पहल : दीपक राउत
ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक राउत ने कहा कि सौर ऊर्जा से संचालित CCTV कैमरे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बना रहे हैं. उनके अनुसार जिन क्षेत्रों में बिजली उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण था, वहां भी प्रभावी निगरानी संभव हो सकी है. रेलवे का मानना है कि 79 प्रतिशत घटनाओं में आई कमी इस परियोजना की सफलता को दर्शाती है और शेष कैमरे लगने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी.
यह भी पढ़ें : दिल्ली से आज बिहार के लिए 29 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, छठ के लिए बिहार जाने का बड़ा मौका, रेलवे की तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं