- प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार 2035 तक मुस्लिम आबादी ईसाइयों से अधिक हो सकती है
- मुस्लिम परिवारों में उच्च जन्म दर के कारण इस्लाम धर्म की आबादी तेजी से बढ़ रही है
- 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर ईसाई महिलाओं से अधिक दर्ज की गई है
दुनिया की धार्मिक आबादी को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर की नई रिपोर्ट ने एक बड़ा अनुमान पेश किया है. रिपोर्ट के अनुसार यदि मौजूदा रुझान जारी रहे तो वर्ष 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है. अनुमान है कि उस समय मुस्लिमों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो जाएगी.
प्यू रिसर्च सेंटर पिछले कई वर्षों से धार्मिक जनसांख्यिकी पर अध्ययन करता रहा है और उसकी रिपोर्टों को इस क्षेत्र में काफी विश्वसनीय माना जाता है. संस्था का कहना है कि इस्लाम और ईसाई धर्म दोनों की आबादी बढ़ रही है लेकिन मुस्लिम आबादी अधिक तेज़ गति से बढ़ रही है.
बच्चों की संख्या सबसे बड़ा कारण
प्यू रिसर्च के वरिष्ठ जनसांख्यिकी विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के अनुसार इस बदलाव का सबसे बड़ा कारण मुस्लिम परिवारों में अधिक जन्म दर है. उन्होंने कहा कि यह मुख्य रूप से बच्चों की संख्या का मामला है और धर्म परिवर्तन की तुलना में प्रजनन दर कहीं अधिक प्रभावशाली भूमिका निभाती है.
रिपोर्ट के मुताबिक 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 3.1 बच्चे प्रति महिला रही. वहीं ईसाई महिलाओं में यह दर 2.5 रही. अन्य समूहों की महिलाओं में औसत प्रजनन दर 1.6 दर्ज की गई जो आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए आवश्यक 2.1 के स्तर से कम है.
2035 में मुस्लिम आबादी ईसाइयों से आगे
रिपोर्ट के अनुसार 2020 में दुनिया में लगभग 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुस्लिम थे. अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब हो जाएगी जबकि ईसाइयों की संख्या 2.52 अरब तक पहुंचेगी. यदि यही रुझान जारी रहा तो 2070 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 3.6 अरब से अधिक हो सकती है जबकि ईसाइयों की संख्या 3 अरब से थोड़ी कम रहने का अनुमान है.
अमेरिका और कनाडा में भी बड़ा बदलाव
रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले दशकों में अमेरिका में ईसाइयों का बहुमत खत्म हो सकता है. वर्तमान में अमेरिका की आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी लगभग 62 प्रतिशत है जो 2065 तक 50 प्रतिशत से नीचे जा सकती है. कनाडा में भी 2030 तक ईसाई आबादी का प्रतिशत 50 से नीचे आने की संभावना जताई गई है. इसके पीछे एक बड़ा कारण उन लोगों की बढ़ती संख्या है जो किसी भी धर्म से खुद को नहीं जोड़ते.
हिंदुओं और यहूदियों की हिस्सेदारी घट सकती है
रिपोर्ट कहती है कि हिंदुओं और यहूदियों की कुल संख्या बढ़ेगी लेकिन वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है. वहीं बौद्ध आबादी और उनकी वैश्विक हिस्सेदारी दोनों में गिरावट का अनुमान लगाया गया है. इसके पीछे चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में आबादी घटने की संभावना को प्रमुख कारण माना गया है. प्यू रिसर्च का अनुमान है कि 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है. इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा.
यह भी पढ़ें | भड़काऊ भाषण देने वाले जाकिर नाइक पर तगड़ा एक्शन, इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर बढ़ा 5 साल बैन, मलेशिया में छिपा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं