पंजाब के संगरूर में PRTC बस से जुड़ा बड़ा हादसा सामने आया है. संगरूर में ओवरब्रिज के पास एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, हादसे में बस पर सवार कई लोग घायल भी हुए हैं. दरअसल, संगरूर में एक ओवरब्रिज के पास पंजाब रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की एक बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई. इस भीषण हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है. उन्होंने पोस्ट में लिखा, "संगरूर में PRTC बस के साथ हुए दुखद हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है. इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई है और 24 घायलों में से 15 लोगों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया गया है."
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि हादसे से प्रभावित सभी लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराया जाए. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दे और उनके परिवारों को इस भारी नुकसान को सहने की ताकत दे. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.

पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वक्त मौसम साफ था और इलाके में कोई कोहरा नहीं था. शुरुआती जांच और यात्रियों के बयानों से पता चलता है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिसके बाद ड्राइवर ने संभवतः बस पर अपना कंट्रोल खो दिया था.
जांच अधिकारी उन परिस्थितियों का पता लगा रहे हैं, जिनकी वजह से यह हादसा हुआ. पीड़ितों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें | मुंबई में BEST बस की टक्कर से 2 कारों के उड़े परखच्चे, 5 लोग अस्पताल में भर्ती
यह भी पढ़ें | आश्रम 4 वेब सीरीज की टीम को लेकर जा रही बस का ब्रेक फेल, 20 लोगों के लिए देवता बना शाहिद, सूझबूझ से बचाई जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं