IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले में जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने अब तक लगभग 60 लोगों के बयान दर्ज किए है. आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का बयान भी दर्ज किया गया है. पूछताछ के दौरान प्रोफेसर ने कई सभी आरोपों से इनकार किया है. इसके साथ ही दावा किया है कि उन्होंने साहिल को नकल करते हुए देखने पर सिर्फ परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा था.
साहिल के माता-पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि प्रोफेसर डुला ने साहिल को प्रताड़ित किया था. इसी आरोप को लेकर क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर से साहिल की मौत से पहले की घटनाओं और उसके साथ हुई बातचीत से जुड़े सवाल पूछे.
परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते देखा: प्रोफेसर डूला
मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पूछताछ के दौरान प्रोफेसर डूला ने बताया कि कैसे उन्होंने परीक्षा के दौरान साहिल को कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से नकल करते हुए देखा था. जब उन्होंने साहिल को फोन इस्तेमाल करते देखा, तो साहिल ने उसे छिपाने की कोशिश की.
डूला ने कहा कि उन्होंने उससे कुछ नहीं कहा और बस साहिल का परीक्षा पेपर लेकर उसे परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा. डूला ने यह भी कहा कि IIT बॉम्बे में अपने पूरे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कभी भी किसी छात्र या किसी अन्य व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया. अपने बयान में डूला ने कहा कि वह एक शिक्षक हैं और उनका काम छात्रों को पढ़ाना है और सभी छात्र उनके लिए समान हैं.
आईआईटी बॉम्बे में क्या हुआ था?
एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे साल के छात्र वाकोडे 18 सितंबर की शाम को पवई कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे. यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद हुई थी.
शुरुआती रिपोर्टों से पता चला था कि वाकोडे ने परीक्षा का प्रश्न-पत्र एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था. हालांकि, बाद में संस्थान ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी देने से इनकार कर दिया था.
यह भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र सुसाइड मामला: क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर डूला से 10 घंटे की पूछताछ, जानें क्या-क्या पूछे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं