विज्ञापन

सात्विक व्‍यक्ति का स्‍वभाव क्‍या होता है, PM मोदी ने बताया

प्रधानमंत्री मोदी ने संस्कृत श्लोक के माध्यम से सात्विक स्वभाव और भय के कारणों पर प्रकाश डाला है. श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक में निर्भयता, ज्ञान, दान और संयम को सात्विक गुण बताया गया है.

सात्विक व्‍यक्ति का स्‍वभाव क्‍या होता है, PM मोदी ने बताया
पीएम मोदी ने साझा किया सुभाषित, निर्भयता और अंतःकरण की शुद्धता को बताए सात्विक मनुष्य के गुण
  • PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संस्कृत श्लोक के माध्यम से सात्विक स्वभाव के गुणों को साझा किया है
  • PM ने अभयं, सत्त्वसंशुद्धि, ज्ञानयोग, दान, तप, स्वाध्याय जैसे गुणों को मनुष्य के भयमुक्त जीवन का मूल बताया है
  • यह श्लोक श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय सोलह के पहले श्लोक का है जिसमें दैवीय संपदा के लक्षण वर्णित हैं
नई दिल्‍ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में संस्कृत के श्लोक के जरिए पीएम मोदी ने मनुष्य के सात्विक स्वभाव के बारे में बताया है. इसमें बताया गया है कि मनुष्‍य के भय का प्रमुख कारण हमारे भीतर का अवसाद और अज्ञान ही है. इससे पहले भी पीएम मोदी ने संस्‍कृत का श्‍लोक शेयर किया, जिसमें उन्‍होंने स्वस्थ शरीर के लिए क्‍या सबसे जरूरी है, वो बताया था.  

PM मोदी ने अब शेयर किया संस्‍कृत का ये श्‍लोक

प्रधानमंत्री मोदी की ओर से एक्स पर संस्कृत श्लोक "अभयं सत्त्वसंशुद्धिः ज्ञानयोगव्यवस्थितिः. दानं दमश्च यज्ञश्च स्वाध्यायस्तप आर्जवम्.." साझा किया गया है. इस श्लोक का हिंदी अर्थ है कि निर्भयता, अन्तःकरण की शुद्धता, ज्ञान और योग में दृढ़ स्थिति, दान, इन्द्रियों का संयम, यज्ञ, स्वाध्याय, तप और मन-वचन-कर्म की सरलता, ये सभी गुण सात्विक स्वभाव से युक्त मनुष्य के हैं.

प्रधानमंत्री की ओर से साझा किया गया यह श्लोक श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 16 (दैवासुर सम्पद् विभाग योग) का पहला श्लोक है. इस अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण ने दैवीय संपदा से युक्त मनुष्य के इन्हीं लक्षणों का वर्णन किया है. ये गुण ही मनुष्य को भय से मुक्त कर उसे सत्य, धर्म और आत्मकल्याण के मार्ग पर दृढ़ता से खड़ा करते हैं.

भय का प्रमुख कारण क्‍या? 

इस श्लोक में बताया गया है कि अभयता मनुष्य जीवन की श्रेष्ठ उपलब्धि है. प्रायः भय का प्रमुख कारण हमारे भीतर का अवसाद और अज्ञान ही है. सत्व के ज्ञान और सद्विचारों के प्रकाश से ही जीवन में भयमुक्त अवस्था की भूमिका तैयार होती है. सकारात्मक परिवेश में रहकर सद्ग्रन्थों का अध्ययन और महापुरुषों की नित्य सन्निधि ही हमारे हृदय में अवस्थित अज्ञान जन्य विकारों का शमन कर परम लक्ष्य की संसिद्धि में सहायक है.

शरीर और मन रोगों के आश्रय-स्थान

इसके पहले बुधवार को प्रधानमंत्री की ओर से एक्स पोस्ट में संस्कृत श्लोक, 'शरीरं सत्त्वसंज्ञं च व्याधीनामाश्रयो मतः. तथा सुखानां योगस्तु सुखानां कारणं समः॥' साझा किया गया था. इस श्लोक का हिंदी भावार्थ है कि शरीर और मन, ये दोनों ही रोगों के आश्रय-स्थान हैं. इन दोनों का उचित संयोग ही स्वास्थ्य और सुख का मुख्य कारण माना गया है, अर्थात स्वस्थ शरीर के लिए मन का शांत और प्रसन्न होना भी अति आवश्यक है.

इसे भी पढ़ें:- 'जब नक्सलवाद खत्म हो सकता है तो ये क्यों नहीं...', नशे की समस्या का जिक्र कर जब भावुक हो गए PM मोदी

 पीएम की ओर से शेयर किया गया यह श्लोक आयुर्वेद के प्रसिद्ध ग्रंथ चरक संहिता के सूत्रस्थान के अध्याय एक (दीर्घञ्जीवितीयाध्याय) का 55वां श्लोक है. इस श्लोक के माध्यम से बताया गया है कि शरीर और मन (सत्त्व) ही सभी रोगों और सुखों के मुख्य आश्रय (आधार) हैं, और इनका उचित संतुलन (समयोग) ही वास्तविक सुख और स्वास्थ्य का कारण बनता है.

इसे भी पढ़ें:- QUAD मंच पर ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, बोले- मोदी एक सख्त नेता हैं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com