NDTV World Summit 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बेहद तीखे राजनीतिक हमले किए थे. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस को "परजीवी" बताते हुए कहा था कि पार्टी दूसरे राजनीतिक दलों और आंदोलनों के सहारे खुद को जिंदा रखती है...इसी दौरान पीएम मोदी ने राहुल गांधी को बार-बार लॉन्च किए जा रहे "फेल प्रोडक्ट" भी कहा था. NDTV के मंच से दिए गए पीएम मोदी के इसी बयान के बाद कांग्रेसी खेमे की ओर न सिर्फ तीखी प्रतिक्रिया दिखाई दे रही है बल्कि तल्खी भी बढ़ गई है.कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री विपक्ष को निशाना बनाकर राजनीतिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं. इसी माहौल में पटना के एक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कह दिया कि 'मोदी का बाप भी जाएगा'....खरगे के इस बयान के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है और पूरे देश में भारी सियासी घमासान छिड़ गया है. कुल मिलाकर समिट के मंच से निकले राजनीतिक तीर अब राष्ट्रीय सियासत में बड़ी बहस का विषय बन चुके हैं.
NDTV World Summit में पीएम मोदी ने क्या कहा?
NDTV World Summit के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को सीधे निशाने पर लिया था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्षों से एक "फेल प्रोडक्ट" को लॉन्च करने में जुटी है और इसके लिए देश के हितों को भी पीछे छोड़ने को तैयार रहती है.
प्रधानमंत्री के इन बयानों को राजनीतिक गलियारों में राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा और व्यक्तिगत हमला माना गया, जिसकी गूंज अगले कई दिनों तक सुनाई देती रही.
कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?
पीएम मोदी की 'फेल प्रोडक्ट' टिप्पणी पर कांग्रेस नेताओं ने आक्रामक प्रतिक्रिया दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया और उसी व्यवस्था की वजह से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री हर बड़े मंच को कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमले का माध्यम बना देते हैं. उन्होंने कहा कि विश्व स्तर के कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री का फोकस विपक्ष पर हमला करना रहा. राजीव शुक्ला समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भी प्रधानमंत्री की टिप्पणियों को राजनीतिक हमला बताते हुए जवाब दिया.
खरगे के बयान ने बढ़ाई गर्मी
NDTV World Summit में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कांग्रेस और राहुल गांधी पर किए गए तीखे हमलों के बाद शुरू हुई राजनीतिक जंग उस समय और तेज हो गई, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की एक टिप्पणी राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बन गई. बिहार के एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे के मुंह से निकली 'मोदी का बाप भी जाएगा' वाली बात पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे प्रधानमंत्री व उनके परिवार के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करार दिया.
पार्टी नेताओं का दावा है कि जिस संदर्भ में यह बात कही गई थी, उसे जानबूझकर नजरअंदाज किया गया ताकि नया विवाद खड़ा किया जा सके. बाद में कार्यक्रम में मौजूद शख्स की ओर से भी सफाई सामने आई, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया.
बीजेपी ने कैसे किया पलटवार?
मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के बाद बीजेपी ने इसे कांग्रेस के खिलाफ बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया. पार्टी का आरोप है कि NDTV World Summit में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस और राहुल गांधी पर किए गए हमलों का राजनीतिक जवाब देने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व व्यक्तिगत टिप्पणी और विवादित बयानबाजी का सहारा ले रहा है. भाजपा नेताओं का कहना है कि यह कांग्रेस की बेचैनी और राजनीतिक असहजता को दिखाता है.
भाजपा का दावा है कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी का मामला नहीं, बल्कि राजनीतिक विमर्श के स्तर से भी जुड़ा मुद्दा है. यही वजह है कि सोमवार को देश के कई हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. विभिन्न राज्यों में प्रेस कॉन्फ्रेंस, धरने और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. पार्टी नेताओं ने खड़गे के बयान को लेकर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की और इसे विपक्ष की राजनीतिक संस्कृति से जोड़कर पेश किया. भाजपा की रणनीति साफ दिखी कि इस विवाद को सिर्फ एक बयान तक सीमित न रखकर उसे राष्ट्रीय राजनीतिक मुद्दा बनाया जाए.
सियासी टकराव अब और फैल गया
कुल मिलाकर NDTV World Summit 2026 के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस को "परजीवी" और राहुल गांधी को "फेल प्रोडक्ट" बताए जाने के बाद शुरू हुआ सियासी टकराव अब कई परतों में फैल चुका है. पहले प्रधानमंत्री के भाषण पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी, फिर जवाबी बयानबाजी का दौर शुरू हुआ. इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी ने विवाद को और गहरा कर दिया, जिससे राजनीतिक बहस नीतियों और विचारधाराओं से आगे बढ़कर बयानों और मर्यादा की लड़ाई में बदलती दिखी. एक तरफ कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी विपक्ष पर व्यक्तिगत राजनीतिक हमले कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा कांग्रेस नेतृत्व पर स्तरहीन राजनीति का आरोप लगा रही है.
ये भी पढ़ें: ईरान में मेरी इज्जत ज्यादा हो गई, क्योंकि मैं भारत में रहता हूं : एक ईरानी ने बताई भारत की अहमियत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं