पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने वालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. एक तरफ मनसा में नशे के खिलाफ लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद लगातार इंसाफ की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ नशे का विरोध करने वाले लोगों को धमकाने और उन पर तेजधार हथियारों से हमले करने की घटनाएं सामने आ रही हैं.
ताजा मामला लुधियाना जिले के पायल हलके के गांव धमोट का है, जहां नशा बेचने का विरोध करने और इसकी सूचना देने की रंजिश में एक परिवार पर तलवारों से हमला करने का आरोप लगा है. हमले में पिता मलकीत सिंह और उनके दोनों बेटे पवनदीप सिंह और लवप्रीत सिंह घायल हो गए.
क्या है पूरा मामला?
परिवार का आरोप है कि उनके पड़ोस में कुछ लोग लंबे समय से नशा बेचने का काम कर रहे हैं. उनके घर के आसपास देर रात तक गाड़ियों में लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा था.
परिवार ने इसका विरोध किया और इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी थी.
परिवार के मुताबिक, जब आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा गांव पहुंचे और लोगों से पूछा कि गांव में नशा बिकता है या नहीं और इसे कौन बेच रहा है, तो उन्होंने नशा बेचने के आरोपों से जुड़े लोगों की जानकारी विधायक को दी.
आरोप है कि विधायक के गांव से जाने के बाद नशा बेचने के विरोध और जानकारी देने की रंजिश में संबंधित लोगों ने परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया.
इस दौरान पिता और उनके दोनों बेटे घायल हो गए. तीनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
यह भी पढ़ेंः 'मां, ये मुझे मार देंगे..' ड्रग्स के खिलाफ अभियान छेड़ने वाले परविंदर झोटा को पहले से था डर; मां ने क्या बताया
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
समाजसेवी गुरदीप सिंह काली ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर हमला करना गंभीर मामला है.
पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि नशे के खिलाफ बोलने वाले लोगों में डर का माहौल न बने.
मामले की गंभीरता को देखते हुए खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह ने थाना पायल के एसएचओ हरदीप सिंह को पुलिस टीम के साथ मौके पर भेजा.
पुलिस ने तरविंदर सिंह उर्फ किंदी, इंद्रजीत सिंह, स्वर्णजीत कौर और दिलप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में केस दर्ज किया है.
यह भी पढ़ेंः लुधियाना में दामाद ने सास और पत्नी पर किया हमला... भीड़ पर 3 बार आगे-पीछे चढ़ाई गाड़ी; दो लोगों को कुचला
नशा तस्करी से जुड़े हैं आरोपी
डीएसपी हरमनप्रीत सिंह के अनुसार, नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है.
डीएसपी ने कहा कि चार आरोपियों खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है. नशा बेचने के आरोपों की भी जांच की जा रही है. आरोपियों खिलाफ पहले नशे का केस है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं