Nitish Kumar To Take Oath Today: नीतीश कुमार आज लेंगे बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ (फाइल फोटो)
पटना:
- एनडीटीवी के सूत्रों के मुताबिक, बिहार में अब BJP के दो उपमुख्यमंत्री होंगे और साथ ही साथ विधानसभा अध्यक्ष भी भाजपा का होगा. यह फ़ैसला कल देर रात BJP और जनता दल यूनाइटेड के शीर्ष नेताओं के बीच बैठक में तय हो गया.
- उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सुशील कुमार मोदी के नाम पर रविवार को पूरे दिन संशय कायम रहा. इस बारे में सवालों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और देवेन्द्र फडणवीस ने स्पष्ट कुछ कहने की बजाए सिर्फ इतना कहा कि उचित समय पर जानकारी मिल जायेगी. उपमुख्यमंत्री को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
- इस बीच, सुशील मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे काफी कुछ दिया और आगे भी जो ज़िम्मेदारी मिलेगी उसका निर्वहन करूंगा तथा कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता.'' सुशील मोदी के बयान पर भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आदरणीय सुशील जी आप नेता हैं, उप मुख्यमंत्री का पद आपके पास था, आगे भी आप भाजपा के नेता रहेंगे ,पद से कोई छोटा बड़ा नहीं होता.''
- भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में रविवार को कटिहार से भाजपा विधायक तारकिशोर प्रसाद को भाजपा विधानमंडल दल का नेता और बेतिया से विधायक रेणु देवी को उपनेता चुना गया.
- मुख्यमंत्री आवास पर हुई NDA की बैठक में नीतीश कुमार के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के चुनाव प्रभारी देवेन्द्र फडणवीस सहित ‘हम' नेता जीतन राम मांझी, वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी शामिल हुए.
- फडणवीस ने कहा, ‘‘ बिहार में आज सम्पन्न एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में गठबंधन के नेता के रूप में नीतीश कुमार जी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। मैं उन्हें बहुत बहुत बधाई देता हूं.''
- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैठक के बाद राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात की सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया. नीतीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कल (सोमवार) दोपहर बाद 4 से 4.30 बजे के दौरान शपथ ग्रहण समारोह होगा.'' उन्होंने कहा कि अभी सभी घटक दलों के नेताओं के साथ हमने राज्यपाल को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के निर्णय के बारे में जानकारी दे दी.
- कुमार ने कहा, ‘‘ राज्यपाल महोदय ने मुझे मुख्यमंत्री मनोनीत किया है। '' उन्होंने कहा कि आगे राज्य का विकास हो, इसके लिये हम सभी मिलकर काम करेंगे, सभी मिलकर हर क्षेत्र और हर तबके के विकास के लिये काम करेंगे। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद कैबिनेट की बैठक होगी और उसमें तय होगा कि सदन की बैठक कब बुलानी है ताकि सदस्यों का शपथ ग्रहण हो सके."
- मंत्रियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कितने लोग शपथ लेंगे, यह भी तय हो जायेगा. यह पूछे जाने पर कि क्या सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनेंगे, कुमार ने कहा कि यह भी थोड़े समय में तय हो जायेगा.
- हाल में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में रोमांचक मुकाबले में राजग गठबंधन को 125 सीटें हासिल हुईं, जबकि विपक्षी महागठबंधन को 110 सीटें मिली हैं. राजग में भाजपा को 74 सीटें, जद (यू) को 43, हम और वीआईपी को चार-चार सीटें मिली हैं. वर्ष 2015 के विधानसभा चुनावों में जद (यू) को 71 सीटें मिली थीं. (भाषा के इनपुट के साथ)
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Nitish Kumar, Bihar Chief Minister