विज्ञापन

कभी नक्सल हिंसा का गढ़ था सुकमा, अब शिक्षा और रोजगार से लिखी जा रही विकास की नई कहानी

सुकमा जिले में नए प्राथमिक विद्यालय, आवासीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं. इससे बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं.

कभी नक्सल हिंसा का गढ़ था सुकमा, अब शिक्षा और रोजगार से लिखी जा रही विकास की नई कहानी
नक्सलवाद की छाया से धीरे-धीरे सुकमा बाहर निजल रहा है.

छत्तीसगढ़ का सुकमा जिला लंबे समय तक नक्सली हिंसा और असुरक्षा की पहचान बना रहा. जिले के कई अंदरूनी और दूरस्थ आदिवासी गांव वर्षों तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे. ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी. स्कूल, अस्पताल, सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव लोगों की सबसे बड़ी परेशानी था. कई गांव ऐसे थे जहां बिजली और मोबाइल नेटवर्क तक पहुंच नहीं थी. इसके कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाता था.

शांति का माहौल बना तो बढ़ी विकास की रफ्तार

सुकमा पुलिस अधीक्षक आईपीएस मयंक गुर्जर के अनुसार क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति बेहतर होने के बाद प्रशासन ने विकास कार्यों पर तेजी से ध्यान दिया है. इसका असर अब गांवों में साफ दिखाई देने लगा है. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बस्तर में सुरक्षाबलों के साथ दिवाली मनाते हुए कहा था कि क्षेत्र के सभी जिले नक्सलवाद से मुक्त हो चुके हैं. शांति और भरोसे का यह माहौल विकास योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने में मददगार साबित हो रहा है.

सड़क और पुलों से आसान हुई ग्रामीणों की जिंदगी

अंदरूनी इलाकों में सड़क और पुल निर्माण के कारण गांवों की कनेक्टिविटी पहले से काफी बेहतर हुई है. नियमित परिवहन सेवाओं के चलते लोगों की आवाजाही आसान हुई है. इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी सुविधाओं तक पहुंच भी बढ़ी है. पहले जो गांव बाहरी दुनिया से कटे हुए थे वे अब तेजी से जुड़ रहे हैं.

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का फैल रहा दायरा

जिले में नए प्राथमिक विद्यालय, आवासीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं. इससे बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं. वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए हाट-बाजार क्लीनिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और मोबाइल मेडिकल यूनिट की मदद से दूरस्थ क्षेत्रों तक इलाज पहुंचाया जा रहा है. नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता से ग्रामीणों को राहत मिल रही है.

कृषि और वनोपज से बढ़ रहे रोजगार के अवसर

स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के लिए कृषि और बागवानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है. हल्दी, इमली, कोदो-कुटकी और बांस जैसी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही महुआ, तेंदूपत्ता, लाख और शहद जैसी वनोपज को बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं.

महिलाओं और युवाओं के लिए नई संभावनाएं

महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई, खाद्य प्रसंस्करण और हस्तशिल्प का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके अलावा कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने की कोशिश हो रही है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं. सुकमा की प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपातों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति को पर्यटन से जोड़ने की योजना पर भी काम हो रहा है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने की उम्मीद है. कभी हिंसा की खबरों के लिए चर्चित रहा सुकमा अब शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास की नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें | बंदूक छोड़ी, अब बॉलीवुड में दिखेंगी छत्तीसगढ़ की 9 सरेंडर महिला नक्सली : मिला बड़ा ऑफर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sukma News, Naxalism News, Chhattisgarh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com