कर्नाटक में मंगलुरु के बीसी रोड फ्लाईओवर पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहां बाइक चला रहे अवनील सैवियो डी'सूजा अचानक हादसे का शिकार हो गए. बताया जा रहा है कि वह फ्लाईओवर पर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दूसरी बाइक दीया कोठारी चला रही थीं. पीछे से हुई टक्कर के बाद अवनील अपनी बाइक का संतुलन नहीं संभाल सके. टक्कर इतनी तेज थी कि वह फ्लाईओवर से करीब 40 फीट नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
शरीर के कई हिस्सों में आई गंभीर चोटें
हादसे में अवनील डी'सूजा को सीने, बाएं कंधे, पेट, पीठ और कमर में गंभीर चोटें लगीं. ऊंचाई से गिरने के बावजूद उनकी हालत और ज्यादा गंभीर नहीं हुई. इसकी सबसे बड़ी वजह यह रही कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था. हेलमेट ने उनके सिर को गंभीर चोट लगने से बचा लिया और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया.
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे. घायल युवक को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
दूसरी बाइक सवार सुरक्षित, जांच शुरू
दूसरी बाइक चला रही दीया कोठारी इस हादसे में सुरक्षित बच गईं और उन्हें कोई चोट नहीं आई. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई. बंटवाल ट्रैफिक पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.
यह भी पढ़ें | पंजाब के संगरूर में बड़ा हादसा! पास पेड़ से टकराई यात्रियों से भरी, 3 की मौत; CM ने जताया दुख
यह भी पढ़ें | मुंबई में BEST बस की टक्कर से 2 कारों के उड़े परखच्चे, 5 लोग अस्पताल में भर्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं