विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2019

इधर भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव, उधर मीका सिंह कराची में अरबपित के यहां दे रहे थे प्रस्तुति, मचा बवाल

भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ने के बीच जाने माने गायक मीका सिंह और उनके ट्रुप के कराची में एक अरबपति की बेटी की शादी में कार्यक्रम प्रस्तुत करने से विवाद पैदा हो गया है. 

इधर भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव, उधर मीका सिंह कराची में अरबपित के यहां दे रहे थे प्रस्तुति, मचा बवाल
मीका सिंह (फाइल फोटो)
कराची:

भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ने के बीच जाने माने गायक मीका सिंह और उनके ट्रुप के कराची में एक अरबपति की बेटी की शादी में कार्यक्रम प्रस्तुत करने से विवाद पैदा हो गया है. बताया जाता है कि यह अरबपति पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ का करीबी है. भारत ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छे 370 के अधिकतर प्रावधानों को सोमवार को खत्म कर दिया और जम्मू कश्मीर को दो केंद्र शासित क्षेत्रों में विभाजित कर दिया, जिस पर पाकिस्तान ने कड़ा ऐतराज जताया है. पाकिस्तान ने भारत के साथ अपने राजनयिक संबंधों को कम कर दिया है और कारोबारी संबंध को रोक दिया है. इसके अलावा दोनों देशों के बीच समझौता एक्सप्रेस सेवा भी रोक दी है.

‘डेली जंग' अखबार की खबर के अनुसार मीका (42) अपने ट्रुप के साथ एक रसूखदार अरबपति की बेटी की शादी में कार्यक्रम प्रस्तुत करने आये थे, जो मुशर्रफ के करीबी बताये जाते हैं. खबर के अनुसार मीका ने आठ अगस्त को कार्यक्रम प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में शिरकत करने वाले लोगों के सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के बाद पाकिस्तान में उनकी मौजूदगी का पता चला. विपक्षी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता सैयद खुर्शीद शाह ने कहा कि सरकार को निश्चित रूप से यह पता लगाना चाहिए कि ऐसे वक्त में जब भारत के साथ राजनयिक और कारोबारी संबंध स्थगित हैं तो भारतीय गायक और उनके 14 सदस्यीय ट्रुप को किसने सुरक्षा मंजूरी दी. शाह ने कहा, ‘‘पाकिस्तान में इस वक्त भारतीय फिल्मों, नाटकों, कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगा है और देश ने भारत सरकार के समक्ष अपना दृष्टिकोण साफ कर दिया है. अगर इससे पहले उन्हें वीजा मिले थे तो उन्हें उसे रद्द कर देना चाहिए.''

अखबार की खबर के अनुसार दुल्हा मीका का बहुत बड़ा प्रशंसक है और वह उनका लाइव परफॉर्मेंस देखना चाहता था और उसकी इसी इच्छा को पूरा करने के लिये उसके ससुराल वालों ने अपने संपर्क का इस्तेमाल करते हुए भारतीय बैंड को उच्च स्तरीय सुरक्षा मंजूरी तथा वीजा दिलवाये. मीका की इस प्रस्तुति के लिये उन्हें करीब 150,000 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया. पंजाबी गायक के इस कार्यक्रम से उनके भारतीय प्रशंसक भी खफा हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की. एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘देशद्रोही तुम्हे शर्म आनी चाहिए.' एक अन्य ने लिखा, ‘मीका सिंह पाजी हम भारतीयों ने आपको बहुत प्यार दिया... और जब पाकिस्तान ने हमसे सारे संबंध तोड़ लिये हैं, सीमा पार से आतंकवादियों को भेज रहा है, हमारी चिंताएं बढ़ा दी हैं, ऐसे हालात में आप एक कार्यक्रम के लिये पाकिस्तान क्यों गये? क्या चंद रुपये आपके लिये भारत से बड़े हैं?'
 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mika Singh, Mika Singh Performs In Pakistan, Jammu Kashmir, Article 370, Pakistan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com