विज्ञापन

'किसी भी लड़के को नौकरी बिना नहीं रहने दूंगी' ममता बनर्जी ने किया वादा तो सुवेंदु बोले- 'हंसी आती है'

'इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी' (I-PAC) ने कोलकाता में अपने कर्मचारियों को छुट्टी पर जाने के लिए ईमेल किया जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच बयानबाजी हुई है.

'किसी भी लड़के को नौकरी बिना नहीं रहने दूंगी' ममता बनर्जी ने किया वादा तो सुवेंदु बोले- 'हंसी आती है'
ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी
IANS

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार चरम पर पहुंचा हुआ है. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेता एक-दूसरे पर हमले का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहे हैं. इसी कड़ी में अब पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक वादे को हास्यास्पद बताया है. ममता बनर्जी ने एक दिन पहले, रविवार (19 अप्रैल) को 'इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी' (आई-पैक) के कोलकाता स्थित कर्मचारियों को नौकरी देने की बात कही थी. आई-पैक ने राज्य में 20 दिनों के लिए अपना कामकाज अस्थायी रूप से रोक दिया है और कोलकाता स्थित अपने दफ्तर के कर्मचारियों को "छोटी छुट्टी" पर जाने का निर्देश दिया है.

ममता का वादा- 'हम उन्हें नौकरी देंगे'

आई-पैक की ओर से कोलकाता ऑफिस के कर्मचारियों को भेजे गए एक ईमेल के बारे में जानकारी मिलने के बाद ममता बनर्जी ने एक जनसभा में इसकी चर्चा की. हुगली जिले के तारकेश्वर में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए ममता ने आई-पैक के कोलकाता ऑफिस के कर्मचारियों से नौकरी देने का वादा किया. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने इस मामले पर पार्टी के महासचिव और लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी के साथ पहले ही चर्चा कर ली है. 

ममता बनर्जी ने कहा, "प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) खासकर चुनाव के दौरान छापे मार रहा है. एजेंसियों के जो लोग हमारे लिए काम करते हैं, उन्हें राज्य छोड़ने की धमकी दी जा रही है. आपके पास अपने लिए काम करने वाली इतनी सारी एजेंसियां हो सकती हैं, तो क्या हमारे पास भी नहीं हो सकतीं? अगर आप उन्हें डराएंगे, तो वे मेरी पार्टी में शामिल हो जाएंगे और हम उन्हें नौकरियां देंगे. यह बात ध्यान में रखें कि मैं किसी भी लड़के को बिना नौकरी के नहीं रहने दूंगी. मैंने इस मामले पर अभिषेक बनर्जी से बात कर ली है."

सुवेंदु ने बताया मज़ाक

ममता बनर्जी की इस टिप्पणी के एक दिन बाद सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आई-पैक के कोलकाता ऑफिस के कर्मचारियों के लिए नौकरी के वादों का मजाक उड़ाया है. उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में करोड़ों के 'स्कूल नौकरी घोटाला' मामले के कारण बेरोजगार हो रहे "बेदाग शिक्षकों" की नौकरी बचाने का वादा पूरा करने में नाकाम रहने के बाद आई-पैक कर्मचारियों के लिए नौकरी के वादे और भी ज़्यादा हास्यास्पद लगते हैं.

सुवेंदु अधिकारी का सोशल मीडिया पर पोस्ट -

अधिकारी ने कहा, "आपने काबिल लोगों से उनकी नौकरियां छीन लीं और सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए एक के बाद एक झूठे वादे किए. अभी तक किसी को भी अपनी नौकरी वापस नहीं मिली है. अब आप उन लोगों को नौकरी देने का वादा कर रही हैं, जिन्होंने असल में आपके उन झूठे वादों को गढ़ा था, ताकि सबको गुमराह करके सिर्फ आपकी कुर्सी बचाई जा सके. देश में हर कोई जानता है कि आप नौकरी देने में कितनी काबिल हैं. आपको तो बस यही आता है कि काबिल लोगों को उनके हक से वंचित करके, नाकाबिल लोगों को नौकरियां बेच देना और फिर झूठ का पुलिंदा फैला देना."

ये भी पढ़ें-: 'अफसोस... प्रधानमंत्री से ऑटोग्राफ नहीं ले सके', PM मोदी के 'झालमुड़ी' की दुकान पर पहुंचने पर बोला दुकानदार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com