विज्ञापन

रोड पर शराबी की मदद करना पड़ा भारी! तेज रफ्तार बस ने कई लोगों को कुचला, वीडियो आया सामने

लुधियाना में नशे में धुत्त शख्स की मदद कर रहे लोगों को कॉलेज बस ने कुचल दिया. घायलों ने ड्राइवर पर नशे में होने का आरोप लगाया है. पीड़ितों ने पंजाब होम सेक्रेटरी से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

रोड पर अचानक आई बस ने लोगों को कुचला.
NDTV
लुधियाना:

पंजाब के लुधियाना से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. माछीवाड़ा-कुहाड़ा रोड पर इंसानियत दिखाना कुछ लोगों को भारी पड़ गया. सड़क पर नशे में गिरे युवक की मदद कर रहे लोगों को पीछे से आई तेज रफ्तार कॉलेज बस ने कुचल दिया, जिसका लाइव वीडियो अब सामने आया है. लुधियाना में माछीवाड़ा-कुहाड़ा रोड पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर नशे की हालत में गिरे एक युवक की मदद कर रहे लोगों को पीछे से आई तेज रफ्तार कॉलेज बस ने कुचल दिया.

कैसे हुआ हादसा?

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में प्लैटिना बाइक और एक्टिवा सवार कुछ लोग सड़क पर गिरे युवक को समझाते और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान अचानक पीछे से आई बस सीधे लोगों को अपनी चपेट में ले लेती है. मौके पर एक छोटा बच्चा भी मौजूद था.

हादसे में घायल किरणदीप सिंह ने बताया कि वह कार ठीक करवाने माछीवाड़ा जा रहे थे. रास्ते में स्कूटी सवार युवक को नशे की हालत में सड़क पर गिरा देखकर वह और खालसा जी समेत अन्य लोग उसकी मदद के लिए रुक गए थे. वे युवक को सड़क से हटाकर पेट्रोल पंप की तरफ ले जा रहे थे.

वहीं, घायल प्रदीप सिंह ने बताया कि बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी पगड़ी (दमाला साहिब) दूर जा गिरी. उनकी गर्दन, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं.

किरणदीप सिंह ने आरोप लगाया कि बस ड्राइवर भी नशे में था और जिस तरह बस ने सीधे टक्कर मारी, उससे उन्हें जानबूझकर हमला किए जाने का शख है. हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

हादसे के बाद लोगों ने 112 पर फोन कर पुलिस बुलाई और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया. घायलों ने आरोप लगाया कि माछीवाड़ा अस्पताल में रविवार होने के कारण डॉक्टर मौजूद नहीं था. शुरुआती इलाज के नाम पर इंजेक्शन लगाकर उन्हें समराला सिविल अस्पताल रेफर कर घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचना पड़ा. 

पीड़ितों ने पंजाब के होम सेक्रेटरी और उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें | पंजाब में 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा' की दो बसों की आमने-सामने टक्कर, चार की मौत, दर्जनों घायल

यह भी पढ़ें | लुधियाना में नाबालिग की ‘ड्राइविंग' का खौफनाक नजारा! बेकाबू कार दुकान में घुसी, VIDEO वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab, Ludhiana, Road Accident, Punjab Accident, Ludhiana News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com