लखनऊ मेट्रो का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर अक्टूबर में नवरात्रि से शुरू होगा. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन इसके शिलान्यास की तैयारियां कर रहा है.इसके साथ ही कानपुर और आगरा मेट्रो के दूसरे चरण का उद्घाटन भी इसी के साथ करने की तैयारी है. 11 किलोमीटर लंबी और 5800 करोड़ रुपये की ये परियोजना केंद्र सरकार और यूपी सरकार मिलकर चला रही है. लखनऊ मेट्रो का यह रूट पुराने लखनऊ को जोड़ते हुए चारबाग से वसंत कुंज के बीच कनेक्टिविटी देगा. चारबाग नॉर्थ-साउथ और ईस्ट-वेस्ट के लिए इंटरचेंज जंक्शन के तौर पर काम करेगा.
लखनऊ मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का रूट
लखनऊ मेट्रो का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का लगभग करीब 7 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड होगा और बाकी 4.3 किमी एलिवेटेड होगा. ये नया मेट्रो कॉरिडोर पुराने लखनऊ में अमीनाबाद, चौक, याहियागंज को कनेक्ट करता है. इससे पुराने लखनऊ के रूट में ट्रैफिक का दबाव घटेगा और अमौसी एयरपोर्ट, चारबाग रेलवे स्टेशन और चारबाग, अमीनाबाद, केसरबाग जैसे बस अड्डों तक पहुंचने में आसानी होगी. मॉनसून के बाद साफ मौसम में लखनऊ के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मेट्रो के इस रूट पर काम शुरू होगा. इस मेट्रो कॉरिडोर को यूपीएमआरसी 5 साल की टाइमलाइन में पूरा करेगी. डिजाइन के लिए कंसल्टेंट एजेंसी और कुछ एलिवेटेड रूट के टेंडर की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो गई है.
लखनऊ मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के 12 मेट्रो स्टेशन
लखनऊ मेट्रो कॉरिडोर में 12 स्टेशन हैं और इसमें 7 अंडरग्राउंड और 5 एलिवेटेड बनेंगे. सात अंडरग्राउंड स्टेशनों में चारबाग, गौतम बुद्ध मार्ग, अमीनाबाद, पांडेगंज, सिटी रेलवे स्टेशन, मेडिकल चौराहा और चौक शामिल हैं. जबकि ठाकुरगंज, बालागंज, सरफराजगंज, मूसाबाग और वसंत कुंज सड़क के ऊपर होंगे.
आगरा मेट्रो का दूसरा चरण
आगरा मेट्रो कॉरिडोर-1 में सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक येलो लाइन का उद्घाटन भी दिवाली के पहले होना है. दो साल पहले आगरा मेट्रो के 6 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर की शुरुआत ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर स्टेशन तक हुई थी. अब मनकामेश्वर, जामा मस्जिद से आगे बिजलीघर चौक से आरबीएस कॉलेज तक अंडरग्राउंड और एलिवेटेड रूट के 4 नए स्टेशन खोले जाएंगे. आगरा के व्यस्त बाजार, अस्पतालों और स्कूल-कॉलेजों को इस रूट से राहत मिलेगी. सिकंदरा तक का 14.25 किमी लंबे पहला कॉरिडोर भी चालू हो सकता है.
1. बिजलीघर चौक
2. आगरा कॉलेज
3. राजा की मंडी
4. आरबीएस कॉलेज
लखनऊ मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का रूट
कानपुर मेट्रो उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बनने वाला है. IIT कानपुर से नौबस्ता तक मेट्रो कॉरिडोर-1 के आखिरी चरण का उद्घाटन अब होना है.मोतीझील से आगे चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक के 7 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड कॉरिडोर का उद्घाटन पहले हो चुका है. इसमें चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल के 5 नए भूमिगत स्टेशन भी चालू हैं. कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की ओर से सुरक्षा निरीक्षण और सफल ट्रायल हो चुका है. कानपुर मेट्रो विस्तार के तहत आईआईटी कानपुर से सीधे नौबस्ता तक लगभग 23.8 किमी का पूरा कॉरिडोर-1 चालू हो जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं