विज्ञापन

नकदी, सोना, रिजॉर्ट... अफसर की संपत्ति देख सबकी आंख फटी की फटी रह गई... MP में टाइगर रिजर्व का मामला क्या है?

मध्य प्रदेश लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पचमढ़ी के सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर छापा मारा. शुरुआती जांच में करीब 7.60 करोड़ रुपये की संपत्ति, नकदी, सोना, चांदी, वाहन, होटल-रिजॉर्ट और जमीनों के दस्तावेज मिले हैं.

नकदी, सोना, रिजॉर्ट... अफसर की संपत्ति देख सबकी आंख फटी की फटी रह गई...  MP में टाइगर रिजर्व का मामला क्या है?
NDTV

मध्य प्रदेश में लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति के शिकायत के आधार पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, पचमढ़ी में पदस्थ सहायक संचालक संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की है. शनिवार सुबह लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने पचमढ़ी स्थित उनके सरकारी घर और ऑफिस के साथ छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया,शुरुआती जांच में अब तक करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपये की संपत्ति मिलने की बात सामने आई है.

लोकायुक्त को शिकायत मिली थी कि संजीव कुमार शर्मा ने अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर आय से अधिक संपत्ति कमाई है.

सर्च वारंट को लेकर कार्रवाई

शिकायत के आधार पर किए गए शुरुआती जांच में उनकी संपत्ति आय से 228 फीसदी अधिक होने की आशंका जताई गई थी,इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और कोर्ट से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई की गई.

लोकायुक्त की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तलाशी के दौरान 26 लाख 36 हजार 800 रुपये नकद मिले हैं, इसके अलावा 2.528 किलो सोना बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है. टीम को 1.656 किलो चांदी भी मिली है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 94 हजार रुपये आंकी गई है.

तलाशी में क्या क्या मिला?

तलाशी में चार वाहन भी मिले हैं, इनमें स्कॉर्पियो, महिंद्रा KUV, बुलेट और एक स्कूटर शामिल हैं. इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 31 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है. इसके अलावा घर में करीब 50 लाख रुपये का घरेलू सामान भी मिला है.

जांच के दौरान संजीव कुमार शर्मा से जुड़ी दो अन्य संपत्तियों की जानकारी भी सामने आई है, इनमें ईकोटेल रिजॉर्ट की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये और सेरेनिटी द विला की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है.

लोकायुक्त की टीम को जमीनों की खरीद-बिक्री से जुड़े 28 दस्तावेज भी मिले हैं, हालांकि होटल और रिजॉर्ट का वास्तविक मूल्यांकन अभी कराया जाना बाकी है,इसके बाद संपत्ति का कुल आंकड़ा बढ़ सकता है.

लोकायुक्त के मुताबिक,अब तक सामने आई संपत्तियों का शुरुआती मूल्यांकन करीब 7 करोड़ 60 लाख रुपये किया गया है. इसे संजीव कुमार शर्मा की ज्ञात आय से लगभग 560 फीसदी अधिक बताया गया है. हालांकि, यह शुरुआती आकलन है. जमीनों के दस्तावेजों और होटल-रिजॉर्ट के मूल्यांकन के बाद तस्वीर और साफ होगी.

यह कार्रवाई भोपाल संभाग की टीम ने की है फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है. लोकायुक्त की टीम भोपाल समेत अन्य ठिकानों पर भी सर्चिंग कर सकती है.

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर कमांडर को दी थी जान से मारने की धमकी, CRPF ने जवान को नौकरी से किया बर्खास्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Corruption News, Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com