विज्ञापन

कपिल शर्मा, रणवीर सिंह से लेकर रोहित शेट्टी तक... सलमान के किन-किन करीबियों को टारगेट कर चुका है लॉरेंस बिश्नोई

जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई का गैंग कथित तौर पर सलमान खान से जुड़े सेलेब्स को टारगेट कर रहा है. टाइगर श्रॉफ फायरिंग में फिर से बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है. ऑडियो में सलमान के साथ काम करने वालों को मारने की धमकी दी गई.

कपिल शर्मा, रणवीर सिंह से लेकर रोहित शेट्टी तक... सलमान के किन-किन करीबियों को टारगेट कर चुका है लॉरेंस बिश्नोई
सलमान खान के कई करीबियों को निशाना बना चुका है बिश्नोई गैंग (Photo: IANS)
  • टाइगर श्रॉफ केस में बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी ली है और सलमान खान के करीबी होने की वजह बताई गई है.
  • टाइगर से पहले भी सलमान खान कई करीबियों को बिश्नोई गैंग टारगेट कर चुका है.
  • बिश्नोई स्टूडेंट पॉलिटिक्स से अपराध की दुनिया में आया. आज उसका नेटवर्क विदेश तक फैला है.
नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस विश्नोई गैंग  का नाम सामने आया है. सोशल मीड‍िया पर एक ऑड‍िया से सामने आया, ज‍िसे कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया जा रहा है. ऑड‍िया में एक शख्‍स कहता है कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा उसे मार देंगे. जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई हाल के वर्षों में सबसे विवादित और चर्चा में रहने वाले लोगों में से एक बन गया है. भारत और विदेशों में हाई-प्रोफाइल हस्तियों को दी जाने वाली धमकियों, जबरन वसूली की कोशिशों और हिंसक घटनाओं के मामलों में उसका नाम बार-बार सामने आता रहा है. 

जेल में होने के बावजूद, बिश्नोई का नेटवर्क कई राज्यों और विदेशों में अपने साथियों के जरिए काम कर रहा है. कई अभिनेता, फिल्म निर्माता और सिंगर ऐसे लोगों से धमकियां मिलने की बात कह रहे हैं, जो खुद को उसके गिरोह से जुड़ा बताते हैं. 

टाइगर से पहले सलमान से जुड़े किन लोगों को निशाना बनाया गया?

दिल्ली में गुरु रंधावा की जिम के बाहर फायरिंग

जून 2026 में दिल्ली के एक जिम के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आया था. यह जिम सिंगर गुरु रंधावा से जुड़ा बताया जाता है. 11 जून 2026 को सुबह करीब 4 बजे पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर फायरिंग हुई थी. आरोप है कि बाइक पर आए दो हमलावरों ने जिम के बाहर गोलियां चलाईं. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था. मौके से पुलिस को सात खाली कारतूस मिले थे. बाद में पुलिस ने फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित का पोस्ट आया कि सलमान खान के करीबी होने के चलते गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग हुई.

गुरु रंधावा

गुरु रंधावा
Photo Credit: IANS

रोहित शेट्टी: जुहू आवास के बाहर गोलीबारी

1 फरवरी 2026 की तड़के बाइक पर सवार दो हमलावरों ने फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास, 'शेट्टी टॉवर' के बाहर कई राउंड गोलियां चलाईं. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था. वारदात के कुछ ही  वक्त बाद, कथित तौर पर गिरोह से जुड़े शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई के सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें घटना की जिम्मेदारी ली गई थी.

रोहित शेट्टी

रोहित शेट्टी
Photo Credit: IANS

रणवीर सिंह को धमकी

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह पर कोई शारीरिक हमला तो नहीं हुआ, लेकिन उन्हें एक व्हाट्सएप वॉयस नोट मिला, जिसमें करीब 10-20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. यह धमकी रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के बाद मिली थी.

Latest and Breaking News on NDTV

आयुष शर्मा से मांगी फिरौती 

सलमान खान के बहनोई और अभिनेता आयुष शर्मा से कथित तौर पर प्रोटॉन मेल के जरिए फिरौती मांगी गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर सेल ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए काम कर रही है. 

आयुष शर्मा

आयुष शर्मा
Photo Credit: IANS

कनाडा में एपी ढिल्लों के घर के बाहर फायरिंग 

साल 2024 में कनाडा में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर के बाहर गोलीबारी की खबर सामने आई. इसमें जानकारी सामने आई थी कि बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली. इस घटना को ढिल्लों के उस म्यूजिक वीडियो से जोड़ा है, जिसमें सलमान खान नजर आए थे.

एपी ढिल्लों

एपी ढिल्लों
Photo Credit: IANS

कपिल शर्मा के कैफे पर अटैक

कॉमेडियन कपिल शर्मा के 'Cap's कैफे' पर कई बार हमले हुए, जिनकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह ने ली. गिरोह ने बताया कि कॉमेडियन को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह सलमान खान के करीबी हैं. हमलों के बाद बिश्नोई गिरोह के सदस्य हैरी बॉक्सर ने कहा, "अगर कोई सलमान के साथ काम करता है, चाहे वह कोई छोटा-मोटा एक्टर हो या डायरेक्टर, तो हम किसी को नहीं छोड़ेंगे. हम उन्हें मार डालेंगे. उन्हें मारने के लिए हम किसी भी हद तक जा सकते हैं."

कपिल शर्मा

कपिल शर्मा
Photo Credit: IANS

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड 

12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा में महाराष्ट्र के विधायक और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया. बिश्नोई गैंग के शुबू लोनकर के नाम से किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना की जिम्मेदारी ली गई थी. हत्याकांड के बाद सलमान खान से नजदीकी को कथित वजहों में शामिल बताया गया.

बाबा सिद्दीक़ी

बाबा सिद्दीक़ी
Photo Credit: IANS

लॉरेंस बिश्नोई कौन है?

लॉरेंस बिश्नोई पंजाब का रहने वाला है. वह पहली बार अपने यूनिवर्सिटी के दिनों में चर्चा में आया, जब वह स्टूडेंट पॉलिटिक्स में एक्टिव था. इसी दौरान उसने ऐसे संबंध बनाने शुरू किए, जो बाद में एक संगठित आपराधिक नेटवर्क में बदल गए. पिछले कुछ साल में बिश्नोई पर हत्या, हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट (हथियार कानून) के उल्लंघन से जुड़े कई मामले दर्ज हुए हैं. जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसका नेटवर्क लगातार बढ़ता गया. इसके सदस्य पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और महाराष्ट्र में एक्टिव हैं और इसके तार विदेशों से भी जुड़े बताए जाते हैं.

अधिकारियों का दावा है कि हिरासत में रहने के बावजूद, बिश्नोई ने गुप्त संदेशों, बिचौलियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपना प्रभाव बनाए रखा. उसके कई साथियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य के बारे में बताया जाता है कि वे भारत के बाहर से काम कर रहे हैं.

टाइगर श्रॉफ मामले में शामिल अनिल पंडित कौन है?

गैंगस्टर अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है. वह अमेरिका में है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है. 2024 में डंकी रूट यानी अवैध तरीके से वह अमेरिका पहुंचा था. इसके बाद, वह बिश्नोई गैंग के नेटवर्क के लिए काम करने लगा. अमेरिका जाने से पहले उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था. करीब आठ महीने पहले उसने गैंग में एक दूसरे सदस्य रणदीप मलिक की जगह ले ली. इसके बाद उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होते गए.

यह भी पढ़ें | LIVE: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, CCTV फुटेज आया सामने, आखिरी बार अंधेरी स्टेशन पर देखे गए हमलावर

यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कराने वाला अनिल पंडित कौन? हरियाणा से पहुंचा US, लॉरेंस बिश्नोई का खास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bishnoi Gang, Tiger Shroff, Bishnoi Gang Salman Khan, Lawrance Bishnoi, Mumbai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com