विज्ञापन
This Article is From Oct 14, 2019

सोनिया गांधी पर CM खट्टर के बयान पर भड़की कांग्रेस, कहा- महिलाओं से मांगें माफी

पार्टी ने यह दावा किया कि इस विधानसभा चुनाव में हरियाणा की महिलाएं खट्टर को उनकी 'महिला विरोधी सोच' के लिए सबक सिखाएंगी.

सोनिया गांधी पर CM खट्टर के बयान पर भड़की कांग्रेस, कहा- महिलाओं से मांगें माफी
सोनिया गांधी पर सीएम खट्टर के बयान से हरियाणा का सियासी पारा चढ़ा
नई दिल्ली:

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा कथित तौर अपमानजनक टिप्पणी करने से जुड़ी खबर को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि इस 'असंसदीय और निंदनीय' बयान के लिए खट्टर को देश की सभी महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए. पार्टी ने यह दावा भी किया कि इस विधानसभा चुनाव में हरियाणा की महिलाएं खट्टर को उनकी 'महिला विरोधी सोच' के लिए सबक सिखाएंगी. कांग्रेस ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ''कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अपने तुच्छ बयान, महिलाओं के अपमान और असामाजिक सोच के लिए मुख्यमंत्री खट्टर को देश की समस्त महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए.' 

हरियाणा के CM मनोहर लाल के बयान पर भड़के महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष, कहा- वह खट्टर नहीं, खच्चर हैं

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा, 'मुख्यमंत्री खट्टर जी, आपके लिए महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है. लेकिन अपने सोनिया जी के खिलाफ जो टिप्पणी की है वह पूरे नारी समाज का घोर अपमान है. आपके शासन में हरियाणा क्राइम कैपिटल बन गया है.' उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री जी, हरियाणा की आधी आबादी आगामी 21 अक्टूबर को आपको सबक सिखाने के लिए तैयार है.' अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने एक बयान जारी कर कहा, 'मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की टिप्पणी की निंदा करती हूं.' सुष्मिता ने कहा, 'उनकी टिप्पणी असंसदीय और निंदनीय है. यह महिलाओं के प्रति उनके और भाजपा के अपमानजनक रुख को दर्शाता है.' उन्होंने कहा, 'विमर्श के स्तर को नीचे ले जाना बेरोजगारी और गंभीर आर्थिक मंदी जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है.' 

सोनिया गांधी को फिर कांग्रेस अध्यक्ष बनाने पर बोले मनोहरलाल खट्टर, 'खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वो भी मरी हुई'

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा, 'क्या इससे कोई इनकार कर सकता है कि हरियाणा भारत की रेप कैपिटल बन चुका है. अपहरण के मामले बहुत बढ़ गए हैं. हरियाणा के मुख्यमंत्री के पास इसका कोई जवाब नहीं है.' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस में हम सार्वजनिक गरिमा को बरकरार रखने को प्रतिबद्ध हैं. मैं खट्टर से बिना शर्त की माफी करती हूं.'

खबरों के मुताबिक खट्टर ने एक सभा में कथित तौर पर कहा, 'लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल (राहुल गांधी) ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ दिया और कहा कि नया कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा... हमने इस निर्णय का स्वागत किया था... वंशवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए यह अच्छा फैसला था... फिर, इन लोगों ने देशभर में (नए अध्यक्ष की) तलाश शुरू की... तीन महीने के बाद, उन्होंने सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया... यह तो ऐसा हुआ, जैसे खोदा पहाड़, निकली चुहिया, वह भी मरी हुई.' 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sonia Gandhi, Manohar Lal Khattar, CM Khattar, Harayana Assembly Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com