विज्ञापन
This Article is From Jun 05, 2025

दो बच्चों के पिता, करोड़ों की संपत्ति... कौन हैं पिनाकी जिन्होंने महुआ मोइत्रा से की शादी?

पुरी लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा ओडिशा की राजनीति का बड़ा नाम हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़े पिनाकी पेशे से वकील रह चुके हैं और सुप्रीम कोर्ट में कई अहम मुकदमे लड़ चुके हैं

दो बच्चों के पिता, करोड़ों की संपत्ति... कौन हैं पिनाकी जिन्होंने महुआ मोइत्रा से की शादी?

पश्चिम बंगाल की तेज-तर्रार नेता और कृष्णानगर से सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह है उनकी निजी जिंदगी. महुआ मोइत्रा ने ओडिशा के सीनियर नेता और बीजेडी सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा से शादी कर ली है. ये शादी पिछले महीने, 30 मई को जर्मनी में हुई. इन दोनों नेताओं की नजदीकियों की चर्चा पिछले कुछ समय से थी. पिछले साल लंदन में दोनों को एक साथ देखा गया था और उस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई थी.

कौन हैं पिनाकी मिश्रा?

पुरी लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके पिनाकी मिश्रा ओडिशा की राजनीति का बड़ा नाम हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़े पिनाकी पेशे से वकील रह चुके हैं और सुप्रीम कोर्ट में कई अहम मुकदमे लड़ चुके हैं. उनका लंबा राजनीतिक और कानूनी करियर रहा है. राजनेता के अलावा एक सफल वकील के तौर पर भी वह पहचाने जाते हैं.

राजनीती की बात करें तो साल 1996 में पिनाकी मिश्रा ने कांग्रेस के टिकट पर पहली बार लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद में कदम रखा. लेकिन राजनीति की बदलती दिशा के साथ उन्होंने जल्द ही बीजू जनता दल का दामन थाम लिया. इसके बाद पिनाकी मिश्रा ने पुरी सीट से 2009, 2014 और 2019 - तीन बार लगातार जीत दर्ज की. साल 2019 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने बीजेपी के तेजतर्रार प्रवक्ता संबित पात्रा को हराकर सुर्खियां बटोरीं. लेकिन 2024 में बीजेडी सुप्रीमो नवीन पटनायक ने पिनाकी का टिकट काटकर पुरी से अरुप पटनायक को मैदान में उतार दिया. पिनाकी मिश्रा के सियासी परिदृश्य से हटते ही पुरी सीट पर बाजी पलट गई और संबित पात्रा ने दूसरे प्रयास में जीत दर्ज कर ली. एक लंबे वक्त तक बीजेडी का गढ़ रही पुरी अब बीजेपी के खाते में चली गई.

Latest and Breaking News on NDTV

पिनाकी मिश्रा की निजी जिंदगी भी कम दिलचस्प नहीं, पिनाकी मिश्रा की पहली शादी 16 जनवरी 1984 को संगीता मिश्रा से हुई थी. इस दंपती के दो संतानें भी हैं - एक बेटा और एक बेटी हैं. खास बात ये है कि उनके बेटे की शादी अटल बिहारी वाजपेयी के दत्तक दामाद रंजन भट्टाचार्य की बेटी से हुई थी. उस शादी में जयपुर में जमकर रौनक देखी गई थी. राजनीति में अब भले ही पिनाकी मिश्रा थोड़ा कम एक्टिव नजर आ रहे हों. लेकिन उनकी संपत्ति की चर्चा आज भी होती है. 2019 के चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति 117 करोड़ रुपये बताई थी, जिसमें से दो करोड़ की चल संपत्ति थी. उनके पास मौजूद कारों में 2 मर्सिडीज और एक हुंडई क्रेटा है. इसके अलावा उनका कॉर्पोरेट निवेश भी उन्हें आर्थिक रूप से काफी मजबूत बनाता है. 65 वर्षीय पिनाकी मिश्रा और 50 वर्षीय महुआ मोइत्रा के बीच उम्र का अंतर है.

कौन हैं महुआ मोइत्रा?

अब बात करते हैं महुआ मोइत्रा की जो न सिर्फ अपने आक्रामक तेवरों के लिए जानी जाती हैं, बल्कि निजी जिंदगी में भी काफी मुखर रही हैं. ये उनकी दूसरी शादी है. इससे पहले 2003 के आसपास उन्होंने डेनमार्क के एक बैंकर लार्स बोरोशन से शादी की थी. लेकिन वो रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चला. 2009 में महुआ भारत लौटीं और कांग्रेस से राजनीति की शुरुआत की. फिर 2011 में तृणमूल कांग्रेस से जुड़ गईं. बीते साल उनका नाम सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहद्राई के साथ भी जोड़ा गया. लेकिन बाद में वो रिश्ता भी कड़वाहट में बदल गया. संपत्ति की बात करें तो रिपोर्ट के अनुसार उनकी नेट वर्थ 3,50,67,166 रुपये है. उनके बैंक खातों में 1,89,44,335 रुपये से अधिक जमा है. उन्होंने शेयर, डिबेंचर और बॉन्ड में 14 लाख रुपये से अधिक का निवेश किया है और करीब एक करोड़ 37 लाख रुपये के गहने उनके पास हैं 

महुआ और पिनाकी की शादी जहां राजनीति से जुड़ी चर्चाओं को और हवा दे रही है. वहीं ये एक ऐसी कहानी है जहां दो अलग-अलग पृष्ठभूमियों के नेता, अब एक ही जीवन की राह पर साथ-साथ चल पड़े हैं. सियासत में बने कई रिश्ते, ये जोड़ी उन कहानियों में एक नई कड़ी जोड़ती है.
 

लेखक के बारे में
img
जया कुमारी
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mahua Moitra, Mahua Moitra's Marriage, Mahua Moitra's Husband, Who Is Pinaki Mishra, Mahua's Marriage
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com