विज्ञापन
This Article is From Apr 12, 2024

"राजस्थान को 70 साल तक प्यासा रखा": बाड़मेर में कांग्रेस पर भड़के पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है. ये लोग देश के सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव कहते हैं. ये लोग सीमावर्ती जिलों को, गांवों को जान-बूझकर विकास से वंचित रखते थे. हम सीमावर्ती इलाकों को, सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव नहीं, देश का प्रथम गांव मानते हैं.

"राजस्थान को 70 साल तक प्यासा रखा":  बाड़मेर में कांग्रेस पर भड़के पीएम मोदी
कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है- PM मोदी
बाड़मेर:

राजस्‍थान के बाड़मेर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि आपका वोट विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा. यहां हमारी माताएं-बहनें पानी के संकट से जूझती रही हैं. 70 सालों तक माता-बहनों की समस्‍याएं किसी ने नहीं सुनी. कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है. हमने जल जीवन मिशन से 50 लाख घरों तक पानी पहुंचाया. इसलिए पूरा देश कह रहा है... 4 जून 400 पार. ये दल नहीं देश का चुनाव है.  

जिस राजस्थान के लोगों ने देश को अपने लहू से सींचा...

पीएम मोदी ने कहा, "बाड़मेर हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. जसवंत सिंह जी का क्षेत्र है. यहां के लोगों ने हमेशा मुझे बोला है - मोदी जी आप देश के दुश्मनों को सबक सिखाओ, बाड़मेर जिताने की जिम्मेदारी हमारी. आप इस बार भी, पहले से ज्यादा वोटों से BJP को जिताएंगे, ये मेरा पक्का विश्वास है. जिस राजस्थान के लोगों ने देश को अपने लहू से सींचा, उस राजस्थान को कांग्रेस ने पानी के लिए प्यासा रखा. जितने दिन राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही, उसने जल जीवन मिशन में भी जमकर भ्रष्टाचार किया. कांग्रेस ने राजस्थान तक पानी लाने के लिए ERCP परियोजना भी पूरी नहीं होने दी थी."

"ये मोदी ही है, जिसने देश में पहली बार संविधान दिवस मनाना शुरू किया. मोदी ने ही बाबा साहब से जुड़े पंच-तीर्थों का विकास किया. इसलिए, बाबा साहब और संविधान का अपमान करने वाले कांग्रेस और INDI अलायंस के झूठों से सावधान रहने की जरूरत है"- प्रधानमंत्री मोदी

वे गांवों को जान-बूझकर विकास से वंचित रखते थे...

विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है. ये लोग देश के सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव कहते हैं. ये लोग सीमावर्ती जिलों को, गांवों को जान-बूझकर विकास से वंचित रखते थे. हम सीमावर्ती इलाकों को, सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव नहीं, देश का प्रथम गांव मानते हैं. हमारे लिए देश की सीमाएं यहां पूरी नहीं होती, हमारे लिए यहां से देश शुरू होता है. आज अगर देश में 4 करोड़ गरीबों को पीएम आवास मिले हैं, तो मेरे बाड़मेर में भी पौने 2 लाख गरीबों को पक्के आवास का लाभ मिला है."

"कांग्रेस ने जिन लोगों को दशकों तक नहीं पूछा, मोदी उनको पूजता है"

बाड़मेर के विकास के बढ़ते दायरे का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "भाजपा सरकार देश की आखिरी सीमा तक सड़कें और हाईवे बना रही है. हमने बाड़मेर में मेडिकल कॉलेज भी खोला है. आज सीमावर्ती बाड़मेर में 72,000 करोड़ रुपये लागत की रिफाइनरी शुरू होने जा रही है. आने वाले समय में इस इलाके में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, युवाओं के लिए नए रास्ते बनेंगे. यहां के एयरपोर्ट में भी पिछली सरकार ने जमकर रोड़े अटकाए थे. अगर कांग्रेस ने बेवजह ब्रेक न लगाया होता, तो यहां का एयरपोर्ट 2 साल पहले ही चालू हो जाता. कांग्रेस ने जिन लोगों को दशकों तक नहीं पूछा, मोदी उनको पूजता है. हमारे आदिवासी समाज के बच्चे आगे बढ़ें, इसके लिए हम एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोल रहे हैं. आदिवासी समाज को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए हम अभियान चला रहे हैं."

कांग्रेस के मेनिफेस्टो में तो बंटवारे की...

पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस के मेनिफेस्टो में तो बंटवारे की गुनहगार मुस्लिम लीग की छाप है. अब इंडी अलायंस में शामिल एक और दल ने देश के खिलाफ बहुत खतरनाक ऐलान किया है... जिस पोखरण की धरती ने भारत को परमाणु शक्ति से संपन्न किया, अब INDI अलायंस का कहना है कि हम भारत के परमाणु हथियार नष्ट कर देंगे. भारत जैसा देश, जिसके दो-दो पड़ोसियों के पास परमाणु हथियार हो, उस भारत के परमाणु हथियार INDI अलायंस नष्ट करना चाहता है. ये कैसा गठबंधन है, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है?" 

ये भी पढ़ें -: 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, PM Modi In Barmer, Lok Sabha Elections 2024
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com