विज्ञापन
This Article is From Jun 06, 2025

क्यों खास है कश्मीर वाली वंदे भारत... PM मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी

जम्‍मू-कश्‍मीर में बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को सपर्पित करेंगे. पीएम मोदी आज इस ब्रिज पर दौड़ने वालीं दो वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जो इस क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगी.

क्यों खास है कश्मीर वाली वंदे भारत... PM मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी
ज़ीरो से नीचे तापमान, फिर भी कनेक्टिविटी बरकरार
नई दिल्‍ली:

जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से रेलवे लाइन के जरिए जोड़ने का सदियों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है. चिनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज ने इस सपने को यकीकत में बदल दिया है. ट्रेन से लोग अब कश्‍मीर की बर्फीली वादियों और खूबसूरती का लुत्‍फ उठा सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कटरा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. कश्मीर घाटी में वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत रेल यात्रा में एक ऐतिहासिक बदलाव का प्रतीक है.     

बर्फीली वादियों में दौड़ेगी वंदे भारत

हल्की ठंडक और वसंत की खिलती बहार, हिमालय की बर्फीली चोटियां, सेब के पेड़ों पर गुलाबी फूलों की चादर, और मैदानों की हरी घास... यह सब अब सिर्फ कल्पना नहीं रहेगा, क्योंकि अब जल्द ही, यह सब आप अपनी आंखों के सामने, जम्मू कश्मीर के लिए स्पेशल डिजाइंड वंदे भारत ट्रेन में बैठकर देख सकेंगे.  जैसे ही ट्रेन पहलगाम की घाटियों से गुजरेगी, हरियाली से सजी वादियां, दूर तक फैले चीड़ के जंगल और चरवाहों की झलक आपको एक लम्हे में रोक देंगे. देवदार की खामोशी को चीरती वंदे भारत की रफ्तार, तकनीक और प्रकृति का अद्भुत संगम जल्द ही आपको देखने को मिलेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

इंजीनियरिंग का कमाल

"मेक इन इंडिया" के तहत इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में बनी यह ट्रेन आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस है, जो बिजली सी चलती है. मगर सुरक्षित और आरामदायक सफर की मिसाल है. इसका सफर हर भारतीय को गर्व से भर देगा. 

क्यों खास है कश्मीर वाली वंदे भारत? 

यह वंदे भारत एक्सप्रेस विश्वसनीयता, सुरक्षा और यात्रियों के आराम को सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक एवं उन्नत सुविधाओं से युक्त है. इस वंदे भारत ट्रेन को कश्मीर घाटी की कठिन जलवायु परिस्थितियों में सुगम यात्रा प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है. जिससे अब हर मौसम में कश्मीर घाटी तक पहुंचना आसान होगा और वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत, क्षेत्र में यात्री सेवाएं एवं पर्यटन अनुभव बेहतर बनाएगी. 

Latest and Breaking News on NDTV

 
ज़ीरो से नीचे तापमान, फिर भी कनेक्टिविटी बरकरार 

जम्मू-कश्मीर जैसे सर्द मौसम वाले क्षेत्र में सुचारू रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए इस वंदे भारत ट्रेन में विशेष तकनीकी सुविधाएं प्रदान की गई हैं.
सिलिकॉन हीटिंग पैड: यह वॉटर और बायो-टॉयलेट टैंकों में पानी को जमने से रोकेंगे. साथ ही, इनमें ओवरहीट प्रोटेक्शन सेंसर लगे हैं, जो यह सुनिश्चित करता है कि शून्य या माइनस तापमान में भी रेल संचालन सुचारू रूप से हो.
हीटेड प्लंबिंग पाइपलाइन: जीरो डिग्री से भी कम तापमान में सेल्फ-रेगुलेटेड हीटिंग केबल्स पानी को जमने से रोकेंगे.
ऑटो-ड्रेनिंग मैकेनिज्म: प्लंबिंग लाइनों में पानी के जमने की समस्या को रोकेगा, जिससे संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी.

वंदे भारत से यात्रा होगी सुगम और सुरक्षित

कश्मीर की कठिन परिस्थितियों में ड्राइवर की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इस वंदे भारत ट्रेन में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे सुगम यात्रा संभव होगी.
एंबेडेड हीटिंग एलिमेंट: फ्रंट लुकआउट ग्लास में लगाए गए यह एलीमेंट सर्द मौसम में विंडशील्ड को डी-फ़्रॉस्ट कर ड्राइवर को क्लियर विज़न प्रदान करेंगे, जिससे सुरक्षित व सुगम ट्रेन संचालन हो सकेगा.
एंटी-स्पॉल लेयर: बर्फबारी या आंधी जैसे कठिन मौसम के दौरान यह लेयर ड्राइवर को सुरक्षित ट्रेन के संचालन में सहायता करेगा.
सुरक्षित और आरामदायक वर्क एनवायरनमेंट: ट्रेन को कठिन मौसम परिस्थितियों से निपटने के लिए स्पेशल रूप से डिज़ाइन किया गया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

भारतीय रेल की न्यू-एज टेक्नोलॉजी 

इस वंदे भारत ट्रेन के सुचारू संचालन और यात्रियों के आराम के लिए कई तकनीकी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं.
एयर ड्रायर सिस्टम हीटिंग: अत्याधिक ठंड में एयर ब्रेक सिस्टम की दक्षता बनाए रखेगा. साथ ही, हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (HVAC) डक्ट्स द्वारा यात्रियों की आरामदायक यात्रा सुनिश्चित की गई है.
5 kVA ट्रांसफॉर्मर: ट्रेन के महत्वपूर्ण घटकों के सुचारू संचालन और ठंडे मौसम में उनकी दक्षता बनाए रखने के लिए इसे अंडरफ्रेम में विशेष रूप से स्थापित किया गया है.

पूर्ण वातानुकूलित कोच

सेमी-हाई-स्पीड क्षमताओं (160 किमी प्रति घंटे) से लैस होंगे, जिससे तीव्र और समयबद्ध यात्रा संभव होगी. चौड़े गैंगवे, स्वचालित प्लग डोर, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट, इंफोटेनमेंट सिस्टम और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं यात्रियों के अनुभव को सुगम बनाएंगी.

यात्रा में विकास का अनुभव

कश्मीर घाटी में वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत रेल यात्रा में एक ऐतिहासिक बदलाव का प्रतीक है. यह सेवा सभी मौसमों में निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी, जो बर्फबारी, कठोर ठंड और कठिन पर्वतीय चुनौतियों को पार कर सुगम यात्रा का भरोसा दिलाती है. आधुनिक सुविधाओं और जलवायु-विशिष्ट अनुकूलन के साथ, यह ट्रेन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगी. कश्मीर घाटी को सम्पूर्ण देश से अभूतपूर्व रूप से जोड़ने के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस भौगोलिक और आर्थिक अंतर को खत्म कर देगी.

ये भी पढ़ें :- जानें दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज की खासियत, जिसके सामने एफिल टावर भी है छोटा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chenab Bridge, PM Modi Jammu Kashmir VISIT, Katra Srinagar Vande Bharat Train
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com