विज्ञापन
This Article is From Apr 30, 2024

अमित शाह फेक वीडियो मामला: दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना CM समेत 16 लोगों को दिया नोटिस, एक गिरफ्तार

Amit Shah Fake Video Case: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘फर्जी वीडियो’ के संबंध में दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें जांच के लिए नोटिस जारी किए जाने से वह डरने वाले नहीं हैं.

अमित शाह फेक वीडियो मामला: दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना CM समेत 16 लोगों को दिया नोटिस, एक गिरफ्तार
Amit Shah Fake Video Case: दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश में 3 लोगों को नोटिस जारी किया है.
नई दिल्ली:

Amit Shah Fake Video Case: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के भाषण के फेक वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने 7 से 8 राज्यों में 16 लोगों को सीआरपीसी 91 और 160 के तहत पूछताछ में शामिल होने के लिए सम्मन दिया है. दिल्ली पुलिस ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी समेत तेलंगाना कांग्रेस के 6 लोग को नोटिस देकर एक मई को पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा है. सभी को अपने साथ अपना मोबाइल, लैपटॉप लाने के लिए भी कहा गया है. साथ ही सूत्रों के मुताबिक असम पुलिस ने असम से जिस रितम सिंह को गिरफ्तार किया है, उसे दिल्ली पुलिस ने अभी अपनी कस्टडी में नहीं लिया है.

दरअसल सीआरपीसी 160 के तहत पुलिस के पास अधिकार होता है कि वो किसी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दे सकती है. साथ ही सीआरपीसी 91 के तहत कोई दस्तावेज या गैजेट्स पेश करने के लिए कह सकती है.

जांच का दायरा कई राज्यों तक फैल

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले की जांच का दायरा कई राज्यों तक फैला है. एडिटेड वीडियो की जांच के लिए झारखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा , नागालैंड, के लिए दिल्ली पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना हैं. यूपी में समाजवादी पार्टी के एक लोकसभा प्रत्याशी को नोटिस दिया गया है, पूछताछ के लिए बुलाया गया है. झारखंड (रांची) कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी को और नागालैंड के कांग्रेस के बड़े पदाधिकारी को दिल्ली पुलिस ने नोटिस दिया है. इन सबको पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया गया है.

इसके अलावा मुंबई में भी अज्ञात शख़्स के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज की गई है. इसमें महाराष्ट्र कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट का भी ज़िक्र है.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, अमित शाह का फेक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसमें वे कह रहे थे कि बीजेपी की सरकार बनेगी तो एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण को ख़त्म कर देंगे.  फ़ैक्ट चेक में ये वीडियो फेक साबित हुआ है .जिसके बाद गृह मंत्रालय की शिकायत के आधार पुलिस कार्रवाई कर रही है.

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की एक टीम तेलंगाना में है और टीम ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. 

"डरने वाले नहीं": तेलंगाना मुख्यमंत्री

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को कहा था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘फर्जी वीडियो' के संबंध में दिल्ली पुलिस द्वारा उन्हें जांच के लिए नोटिस जारी किए जाने से वह डरने वाले नहीं हैं.

पड़ोसी राज्य कर्नाटक के सेडम में कांग्रेस की एक रैली को संबोधित करते हुए रेड्डी ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब तक चुनाव जीतने के लिए ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करते रहे हैं और अब वह दिल्ली पुलिस का भी इस्तेमाल कर रहे हैं. रेड्डी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि दिल्ली पुलिस के कर्मी हैदराबाद स्थित तेलंगाना कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे.

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा था, ‘‘सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट किए गए थे, (वे) इस संबंध में नोटिस लेकर तेलंगाना गांधी भवन (प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय) पहुंचे कि हम तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष एवं तेलंगाना के मुख्यमंत्री (रेवंत रेड्डी) को गिरफ्तार करेंगे. ''

रेड्डी ने दावा किया कि चुनाव में तेलंगाना और कर्नाटक में भाजपा की हार होगी. रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल हुईं थी.

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया था कि दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘फर्जी' वीडियो के सिलसिले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को एक मई को जांच में शामिल होने को कहा है.

सूत्रों के अनुसार,रेड्डी ने उक्त वीडियो ‘एक्स' पर पोस्ट किया था. रेड्डी को पूछताछ के दौरान अपना मोबाइल फोन साथ में लाने को कहा गया है जिसका इस्तेमाल ‘फर्जी' वीडियो ‘एक्स' पर साझा करने में किया गया था. रेड्डी कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष भी हैं.

ये भी पढ़ें-  गुजरात : नौका से 60 करोड़ रुपये मूल्य की 173 किलोग्राम हशीश जब्त, पांच गिरफ्तार

Video :Sharad Pawar और Uddhav Thackeray को लेकर क्या बोले Piyush Goyal

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Home Minister Amit Shah's Fake Video Case, Amit Shah's Fake Video, Delhi Police, Amit Shah Fake Video Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com