विज्ञापन
This Article is From May 23, 2018

शपथ ग्रहण: कांग्रेस के जी परमेश्वर होंगे कर्नाटक के डिप्टी CM, JDS के एचडी कुमारस्वामी सीएम, 10 बड़ी बातें

कर्नाटक की सियासत में लंबी खींचतान के बाद अब तय हो गया है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी परमेश्वर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री होंगे.

शपथ ग्रहण: कांग्रेस के जी परमेश्वर होंगे कर्नाटक के डिप्टी CM, JDS के एचडी कुमारस्वामी सीएम, 10 बड़ी बातें
जी परमेश्वर होंगी कांग्रेस की ओर से डीप्टी सीएम
बेंगलुरु:
  1. कर्नाटक में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कुल 34 मंत्रियों में से 22 मंत्री कांग्रेस पार्टी से होंगे. वहीं, मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री जेडीएस के होंगे. वेणुगोपाल ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गठबंधन सरकार में उप मुख्यमंत्री के तौर पर परमेश्वर के नाम पर मुहर लगा दी है.' इसके अलावा वेणुगोपाल ने कहा, 'विधानसभा का स्पीकर कांग्रेस से होगा और डिप्टी स्पीकर जेडीएस से होगा."
  2. कर्नाटक में जद (एस) - कांग्रेस गठबंधन का नेतृत्व कर रहे एचडी कुमारस्वामी आज शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष के कई नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शरीक होंगे. यह घटनाक्रम अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा विरोधी एक मंच तैयार कर सकता है.
  3. मंगलवार की शाम में हुई बैठक के बाद दोनों पार्टियों ने कैबिनेट के शेप को निर्धारित किया. हालांकि, मंत्रालयों का बंटवारा फ्लोर टेस्ट के बाद किया जाएगा. गुरुवार को कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस को फ्लोर टेस्ट से गुजरना होगा. 
  4. कांग्रेस से स्पीकर और जेडीएस से डिप्टी स्पीकर होगा. हालांकि, कांग्रेस ने स्पीकर के लिए रमेश कुमार के नाम का ऐलान किया है, वहीं जेडीएस ने अभी तक नाम का ऐलान नहीं किया है.
  5. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष परमेश्वर सन 2015 से 2017 तक कर्नाटक के गृह मंत्री रहे हैं. उनको राजनीति में आने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने प्रेरित किया था. 
  6. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष एवं उनकी मां सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के भी समारोह में शरीक होने की संभावना है. माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, बिहार विधानसभा में विपक्षी नेता तेजस्वी यादव और नेकां के नेता फारूक अब्दुल्ला के भी उपस्थित होने की उम्मीद है. बसपा प्रमुख मायावती और सपा नेता अखिलेश यादव भी समारोह में शरीक होंगे. 
  7. बता दें कि 224 सदस्यीय विधानसभा की प्रभावी क्षमता फिलहाल 221 सदस्यों की है. विधानसभा चुनाव में भाजपा 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी. वहीं कांग्रेस के खाते में 78 सीटें हैं और जेडीएस के खाते में 38. 
  8. गौरतलब है कि एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. इस दौरान इस सभी विषयों पर चर्चा भी हुई थी. कुमारस्वामी ने राहुल और सोनिया गांधी को शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता भी दिया था. कांग्रेस अध्यक्ष ने न्योते को स्वीकार कर लिया और कहा  कि वह शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मौजूद रहेंगे.
  9. एचडी कुमार स्वामी से पहले 17 मई को बीजेपी के बीएस येदियुरप्पा ने सीएम पद की शपथ ली थी, मगर फ्लोर टेस्ट से पहले ही उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था. बीजेपी बहुमत के आंकड़े को नहीं छू पाई थी, इसलिए फ्लोर टेस्ट  से पहले बीजेपी की सरकार गिर गई. 
  10. कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसका नतीजा 15 मई को आया . इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
G Parameshwara, Karnataka Assembly Election 2018
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com