विज्ञापन

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ED का शिकंजा, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला और सट्टेबाजी से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई राज्यों में छापेमारी की. जांच में रियल एस्टेट, फर्जी निवेश, हवाला नेटवर्क और विदेशी पैसों की राउंड ट्रिपिंग के लिंक खंगाले जा रहे हैं.

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा पर ED का शिकंजा, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
  • ED ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला नेटवर्क में छापेमारी की है.
  • पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में कई ठिकानों पर रेड के दौरान विदेशी लेनदेन और अवैध सट्टेबाजी की जांच जारी.
  • संजीव अरोड़ा की रियल एस्टेट कंपनी पर जमीन के अवैध बदलाव और फर्जी बिक्री से शेयर कीमतें बढ़ाने का संदेह है.
नई दिल्ली:

पंजाब सरकार के मंत्री और विधायक संजीव अरोड़ा पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिकंजा कसते हुए बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की है. यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, हवाला नेटवर्क, अवैध सट्टेबाजी और विदेश से काले धन की राउंड ट्रिपिंग से जुड़े मामलों में की जा रही है.

सूत्रों के मुताबिक, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात के कई ठिकानों पर एक साथ रेड डाली गई है. इससे पहले पिछले महीने भी ED ने फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत अरोड़ा के ठिकानों पर जांच की थी, जिसमें विदेशी लेनदेन में गड़बड़ियों के संकेत मिले थे. अब उसी जांच को आगे बढ़ाते हुए मनी लॉन्ड्रिंग एंगल खंगाला जा रहा है.

करीबी सहयोगियों पर भी कार्रवाई

ED की टीम ने संजीव अरोड़ा के आवास और कारोबारी परिसरों के अलावा उनके करीबी सहयोगियों हेमंत सूद और चंद्रशेखर अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापेमारी की है. हेमंत सूद लुधियाना, गुरुग्राम और गुजरात के GIFT सिटी में फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट और स्टॉक ब्रोकिंग से जुड़ी कंपनी चलाते हैं, जबकि चंद्रशेखर अग्रवाल का नाम कथित क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला कारोबार से जोड़ा जा रहा है.

रियल एस्टेट कंपनी पर सवाल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा की कंपनी Hampton Sky Realty Ltd (पहले Ritesh Properties and Industries Ltd) बड़े रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में सक्रिय है. ED को शक है कि कंपनी ने अवैध तरीके से जमीन के लैंड यूज़ में बदलाव किए और फर्जी या बढ़ा-चढ़ाकर बिक्री दिखाकर शेयर कीमतें बढ़ाने का प्रयास किया. इनसाइडर ट्रेडिंग की भी आशंका जताई जा रही है. कंपनी के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर उनके बेटे काव्य अरोड़ा हैं और उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है.

यह भी पढ़ें- भारत के नए नेवी चीफ होंगे वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, लेंगे दिनेश त्रिपाठी की जगह

हवाला और सट्टेबाजी लिंक की हो रही जांच

जांच में यह भी सामने आया है कि UAE से कथित काले धन को हवाला और FPI (Foreign Portfolio Investment) रूट के जरिए भारत लाकर रियल एस्टेट कारोबार में लगाया गया. हेमंत सूद की कंपनी Findoc Finvest Pvt Ltd पर आरोप है कि उसने हवाला और सट्टा नेटवर्क से जुड़े पैसों को वैध निवेश का रूप देने में मदद की.

वहीं, जालंधर के कारोबारी चंद्रशेखर अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने क्रिकेट सट्टेबाजी से शुरुआत कर बाद में बड़ा हवाला नेटवर्क खड़ा किया. जांच में Khiladi Book नाम के ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म का भी जिक्र सामने आया है, जिसके जरिए कथित तौर पर हजारों लोगों से ठगी कर पैसा विदेश भेजा गया.

राजनीतिक संरक्षण की भी जांच

ED अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या पंजाब में सक्रिय अवैध बैटिंग नेटवर्क को किसी तरह का राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ था. एजेंसी को शक है कि कुछ ऑपरेटर्स को सुरक्षा देने के बदले मुनाफा लिया जाता था, जिसे बाद में शेल कंपनियों और एंट्री ऑपरेटर्स के जरिए वैध निवेश में बदला गया.

फर्जी कंपनियों और बिलिंग पर नजर

जांच में फर्जी एक्सपोर्ट बिल, नकली GST कंपनियों के जरिए खरीद दिखाने और शेल कंपनियों के माध्यम से पैसों के लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है. फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं.

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
Associate Editor - Crime & Investigation
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ED Raid, ED RAid Sanjeev Arora, Sanjeev Arora ED Raid, Sanjeev Arora, AAP ED Raids
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com