- भिलाई भट्ठी पुलिस ने कलेक्टर के नाम से फर्जी आदेश बनाकर मोटरसाइकिल छुड़ाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया.
- आरोपियों ने AI तकनीक का इस्तेमाल कर कलेक्टर कार्यालय के प्रारूप जैसा कूटरचित दस्तावेज तैयार किया था.
- शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने दस्तावेज की जांच की तो वह पूरी तरह नकली पाया गया था.
दुर्ग जिले की भिलाई भट्ठी पुलिस ने AI की मदद से जिला कलेक्टर के नाम से फर्जी आदेश तैयार कर आबकारी विभाग से जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और कूटरचित शासकीय दस्तावेज बरामद किया है. दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मामले का खुलासा 14 नवंबर 2026 को हुआ, जब प्रार्थी भोजराम रत्नाकर ने थाना भिलाई भट्ठी में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार, जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा नामक दो युवक भिलाई स्थित आबकारी नियंत्रण कक्ष पहुंचे और वर्ष 2025 के एक आबकारी प्रकरण में जब्त होंडा HF डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 B 15687) को सुपुर्दनामा पर छुड़ाने के लिए दुर्ग कलेक्टर के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया.
जब आबकारी विभाग के अधिकारियों ने आदेश का सत्यापन किया तो दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाया गया. इसके बाद विभाग की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जब्त बाइक वापस पाने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल कर कलेक्टर कार्यालय के प्रारूप जैसा हूबहू फर्जी शासकीय आदेश तैयार किया था. इसके बाद उन्होंने इस दस्तावेज को असली बताकर आबकारी अधिकारियों को गुमराह करने और वाहन छुड़ाने का प्रयास किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
चंद्रकांत शर्मा के इनपुट के साथ
ये भी पढ़ें : यूपी चुनाव के लिए बीजेपी ने नहीं भेजी 209 उम्मीदवारों की कोई लिस्ट, पार्टी ने खुद बताया सच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं