विज्ञापन

राहुल गांधी-प्रियंका गांधी पर एक और FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्कामुक्की-बदसलूकी का आरोप

नई दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान कथित मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, धक्कामुक्की के आरोपों को लेकर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ नई FIR दर्ज की है.

राहुल गांधी-प्रियंका गांधी पर एक और FIR, प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्कामुक्की-बदसलूकी का आरोप
दिल्ली में कांग्रेस प्रदर्शन के बाद बढ़ी मुश्किलें, राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं पर केस
NDTV
  • चुनाव आयोग मार्च के बाद राहुल-प्रियंका के खिलाफ फिर FIR दर्ज
  • ड्यूटी में बाधा और बदसलूकी के आरोप, कांग्रेस नेताओं पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
  • INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर सियासत तेज
नई दिल्ली:

नई दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एक और FIR दर्ज की है. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली गई, धक्कामुक्की और बदसलूकी हुई तथा आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने की कोशिश की गई. घटना में दो सुरक्षाकर्मियों के घायल होने का भी दावा किया गया है. इससे पहले भी इसी घटनाक्रम को लेकर मामला दर्ज किया गया था. ताजा FIR के बाद यह विवाद राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर और गहरा गया है.

पहले भी दर्ज हो चुकी है FIR

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कल संसद मार्ग थाने में मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने आकाशवाणी भवन परिसर में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना अनुमति परिसर में प्रवेश किया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक घटना में आकाशवाणी भवन के दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे. दोनों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. पुलिस ने धरना स्थल और आकाशवाणी भवन परिसर की तस्वीरें भी एकत्र की हैं. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान परिसर की कुछ दीवारों को भी नुकसान पहुंचा.

6 अक्टूबर को INDIA गठबंधन ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी. पुलिस के अनुसार इस मार्च के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी. रास्ते में रोके जाने के बाद विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन और धरना दिया था. इसी दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई नेताओं को हिरासत में भी लिया गया था.

हर FIR उनके लिए एक "मेडल" की तरह: राहुल गांधी

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ पहले से 45 FIR दर्ज हैं और हर FIR उनके लिए एक "मेडल" की तरह है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य 100 FIR तक पहुंचने का है. कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है. पार्टी का आरोप है कि विपक्ष द्वारा SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे उठाए जाने से केंद्र सरकार बौखलाई हुई है और नेताओं पर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं. लगातार दूसरे दिन FIR दर्ज होने के बाद यह मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है. कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है.

यह भी पढ़ें : 'मेरे ऊपर 45 FIR, चाहता हूं कि 100 हो जाएं...', राहुल गांधी ने ऐसा क्यों कहा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi FIR, Priyanka Gandhi, Delhi Police, Congress Protest, Election Commission Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com